IMD Alert : होली के दिन इन राज्यों में बारिश की संभावना, देखें मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 09:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क : देश के मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। उत्तर-पश्चिम भारत में धूप तेज होने के साथ गर्मी ने दस्तक दे दी है, जबकि पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग India Meteorological Department (IMD) के अनुसार, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे दिन के समय तपिश का एहसास और बढ़ेगा।

4 दिन में 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

IMD के मुताबिक, इस हफ्ते दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होंगे। फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में तेज पश्चिमी हवाएं बह रही हैं, जिनकी रफ्तार लगभग 120 समुद्री मील बताई जा रही है। 4 मार्च की रात को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है, जबकि 6 मार्च को भी एक और सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। हालांकि विभाग का कहना है कि दोनों विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर रहेंगे।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी

पश्चिमी विक्षोभ के असर से

  • जम्मू-कश्मीर में 4 से 8 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
  • हिमाचल प्रदेश में 7 और 8 मार्च को बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं।
  • उत्तराखंड में 8 मार्च को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

इसके अलावा असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 3 मार्च को हल्की बारिश, बादल गरजने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

गर्मी और उमस बढ़ने के आसार

IMD के अनुसार, 4 और 5 मार्च को कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। वहीं 4 से 6 मार्च के बीच गुजरात में भी गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र समेत उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत के कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी में फिलहाल अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद इसमें 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।

आने वाले सात दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 3 से 8 मार्च के बीच 15 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे राजधानी में उमस और गर्मी का असर तेज हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News