Weather Alert: पश्चिमी विक्षोभ का कहर! इन राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान के साथ भारी ठंड़ का अलर्ट
punjabkesari.in Friday, Nov 07, 2025 - 06:53 PM (IST)
नेशनल डेस्कः देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। इसके साथ ही दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्व मानसून के सक्रिय होने से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में आज मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी इलाकों में बादल छाने और सतही हवाएं चलने से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित अन्य राज्यों में ठंड का असर और बढ़ेगा।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का कहर जारी
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। बादलों की आवाजाही और हल्की हवाओं के बावजूद पिछले दो दिनों से बारिश न होने के कारण प्रदूषण में कोई राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों तक तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंडक बढ़ेगी, हालांकि बारिश की संभावना फिलहाल बेहद कम है।
उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है। प्रदेश में फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन बादल छाए रहने से ठंड में इजाफा होगा। वहीं बिहार में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। 10 नवंबर तक सर्दी और कोहरे का असर बढ़ने के संकेत हैं। आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
राजस्थान में शुष्क मौसम
राजस्थान में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन अब मौसम सूखा रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्के बादल और बहुत हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहेगा।
पहाड़ों में बर्फबारी, दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश
कुल मिलाकर, देश के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है, जबकि दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है और लोग अब गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण की गंभीर समस्या से अब भी राहत नहीं मिल पाई है, जो चिंता का विषय बना हुआ है।
