Heavy Rain Alert: गर्मी से मिलेगी राहत! कल होगी तेज हवाओं के साथ बारिश, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 08:05 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर भारत के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव से जहां बढ़ती गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं, वहीं अचानक बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में तापमान

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। कई जगहों पर गर्मी के कारण लोगों ने पंखे और एसी का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि 15 मार्च को संभावित बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसम के तेवर बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई क्षेत्रों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके साथ ही 15 और 16 मार्च को कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे मौसम अचानक ठंडा महसूस हो सकता है।

बिहार में हल्की बारिश की संभावना

बिहार में भी गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है और कई शहरों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

राजस्थान में आंधी और तूफान

राजस्थान के कई शहरों में इन दिनों उमस भरी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को आंधी और तूफान जैसी स्थिति से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 से 19 मार्च के बीच मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है। इन इलाकों में बीच-बीच में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च में आमतौर पर गर्मी तेजी से बढ़ती है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई बार बारिश और तेज हवाओं से मौसम अचानक बदल जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News