मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट...सरकार ने लोगों को बिना जरूरत घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा
punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 04:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मुंबई में पिछले 24 घंटों में औसतन 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और मौसम विभाग ने शहर और उपनगरों में कल तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं भारी बारिश के मद्देनजर राज्य सरकार ने गुरुवार को एक परामर्श जारी कर लोगों से बिना काम के घर से बाहर नहीं निकलने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में गुरुवार सुबह 8 बजे तक, पिछले 24 घंटे में औसतन 100 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, जबकि पड़ोसी ठाणे शहर में इस अवधि के दौरान 213.84 मिमी बारिश हुई।
रायगढ़ और रत्नागिरि सहित कुछ तटीय जिलों में लगातार बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले के इरशालवाडी गांव में हुए भूस्खलन में कम से कम 10 ग्रामीणों की मौत हो गई और कई लोगों के इसमें फंसे होने की आशंका है। सरकार ने अपने परामर्श में कहा है, ‘‘भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में कुछ जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले दो दिनों में मूसलाधार बारिश हुई है।'' इसमें यह भी कहा गया है कि लोग इरशालवाडी में भूस्खलन स्थल पर एकत्र न हों। इस बीच, नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि शहर और उपनगरों में भारी बारिश होने के बाद, मुंबई में पेयजल आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में से एक तुलसी झील का पानी उससे बाहर बहने लगा है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारी ने कहा कि घने वन वाले संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित तुलसी झील का पानी गुरुवार को दोपहर एक बजकर 25 मिनट पर उससे बाहर बहने लगा। इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो इस महीने की शुरूआत से जलापूर्ति में 10 प्रतिशत की कटौती का सामना कर रहे हैं। इस महीने की शुरूआत में, मुबई के बीचों-बीच स्थित एक अन्य जलाशय पोवई झील का पानी भी उससे बाहर बहने लगा था। इसके पानी का उपयोग पेयजल उद्देश्यों के लिए नहीं होता है।