Rain Alert: तबाही लेकर लौट रहा है तूफान, 16 राज्यों में भीषण बारिश-ओले और आंधी का तांडव, IMD का अलर्ट जारी
punjabkesari.in Sunday, Apr 27, 2025 - 07:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत के विभिन्न हिस्सों में मौसम के बिगड़ने की चेतावनी दी गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 16 राज्यों में तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ खतरनाक हालात बनने का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ और मौसमी बदलाव के कारण अगले कुछ दिनों में इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का तांडव मच सकता है। मई की शुरुआत में भीषण मौसम की स्थिति देशभर में तबाही मचा सकती है, जिससे किसान, आम लोग और पर्यटक भी मुश्किल में आ सकते हैं। IMD का कहना है कि इन राज्यों में मौसम के इस बदलाव के साथ-साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि यह सिलसिला अब मई की शुरुआत तक जारी रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। उत्तर-पूर्व भारत से लेकर दक्षिण और उत्तर-पश्चिम तक मौसम में हलचल बनी रहेगी। आइए विस्तार से जानते हैं कहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज।
बन रही हैं कई मौसमी प्रणालियां
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, मध्य असम के ऊपर निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं पश्चिम विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से उत्तरी बांग्लादेश तक एक और द्रोणिका बनी है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है जो मध्य क्षोभमंडल में 77° पूर्व देशांतर और 18° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में मौजूद है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन सबके संयुक्त प्रभाव से देश के कई इलाकों में मौसम में उथल-पुथल जारी रहेगी।
उत्तर-पूर्व भारत में मूसलाधार बारिश का दौर
अगले पांच दिन असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में व्यापक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 28 अप्रैल और 29 अप्रैल को असम और मेघालय में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि की आशंका है। 28 अप्रैल को असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है जबकि 29 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है।
पूर्वी भारत में भी तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 26 अप्रैल से 1 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर रहेगा। 28 अप्रैल और 29 अप्रैल को पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगा के मैदानी इलाके पश्चिम बंगाल और बिहार में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है। 28 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। 28 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में भारी बारिश हो सकती है। 29 अप्रैल को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में और 30 अप्रैल व 2 मई को झारखंड तथा ओडिशा में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले सात दिन तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इन राज्यों में गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 28 अप्रैल से 2 मई तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी की आशंका है। 28, 1 मई और 2 मई को उत्तरी कर्नाटक में ओलावृष्टि हो सकती है। 29 अप्रैल से 1 मई तक केरल और माहे में भारी बारिश के आसार हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में भी सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ
1 मई से 3 मई तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला रहेगा। 2 मई से एक और नया और ज्यादा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा जिससे बारिश और तूफान की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
गर्मी और लू से राहत नहीं
बारिश और तूफान के बावजूद देश के कई हिस्सों में लू और उमस परेशान कर सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 अप्रैल से 2 मई तक लू जैसी स्थितियां बनी रहेंगी। वहीं गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक और मराठवाड़ा में भी इसी अवधि के दौरान गर्म और उमसभरा मौसम रहने की संभावना है।