Heavy Rain Alert: कल से इन 5 राज्यों में ताबड़तोड़ बारिश... तेज हवाओं के साथ बर्फबारी, जानें IMD का नया अपडेट

punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 06:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में नए साल का जश्न शुरू होने से ठीक पहले मौसम ने करवट लेने का संकेत दे दिया है। मौसम विभाग की ताज़ा चेतावनी के मुताबिक, 31 दिसंबर से पहले ही देश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ सकता है। उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक बारिश, घना कोहरा और शीतलहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। कई राज्यों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिरने की आशंका है, जिससे ठंड और ज्यादा तेज हो जाएगी। हालात ऐसे बन सकते हैं कि नए साल के मौके पर घर से निकलना भी चुनौती बन जाए। आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में कल मौसम कैसा रहेगा-

उत्तर भारत के 5 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर की शाम से उत्तर भारत के पांच राज्यों में मौसम बिगड़ने वाला है। दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश के बाद इन इलाकों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि बाहर निकलने से पहले मौसम अपडेट जरूर देखें।

तमिलनाडु में तीन दिन लगातार बारिश

दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। तिरुवरूर, नागपट्टिनम, तंजावुर, मायिलादुथुराई और पुदुकोट्टई जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है और समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

दिल्ली में बढ़ेगी ठंड की तीव्रता

दिल्ली में 30 दिसंबर की शाम से आसमान में बादल छाने लगेंगे। 31 दिसंबर से हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। राजधानी में कल अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

यूपी में घना कोहरा बनेगा मुसीबत

उत्तर प्रदेश में 30 दिसंबर से 20 से अधिक शहरों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, आगरा, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा सहित कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहेगी। यात्रियों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

बिहार में दृश्यता 50 मीटर से भी कम

बिहार में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। पटना, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, छपरा और जहानाबाद में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी समेत कई जिलों में दृश्यता 50 मीटर से कम रह सकती है। सीमांचल के पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज में तापमान 3 से 4 डिग्री गिरने की संभावना है।

झारखंड में शीतलहर का असर

झारखंड में मंगलवार को 11 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। रांची, गुमला, पलामू, लातेहार, बोकारो, हजारीबाग सहित कई इलाकों में ठंड बढ़ेगी। रांची में कल अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पंजाब में शून्य तक पहुंच सकती है दृश्यता

पंजाब में 30 दिसंबर को तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, फरीदकोट और बठिंडा में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंचने की आशंका है। अमृतसर में बादल भी छाए रह सकते हैं, जहां अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

राजस्थान में नए साल से पहले बारिश

राजस्थान में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनू और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मध्य प्रदेश में तेज होगी शीतलहर

मध्य प्रदेश में 30 दिसंबर को शीतलहर का प्रकोप तेज हो सकता है। भोपाल, रीवा, शहडोल और सीहोर में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना है। सुबह के समय 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News