Chandrayaan3: चंद्रयान3 को लेकर सच साबित हुई पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के जगतगुरू रामभद्राचार्य की भविष्यवाणी, जानें यहां

punjabkesari.in Friday, Aug 25, 2023 - 12:03 AM (IST)

नेशनल डेस्कः इसरो ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग कराकर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही देश विदेश से भारत को बधाई संदेश और शुभकामनाएं मिल रही हैं। इन सबके बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के जगतगुरू रामभद्रचार्य की भविष्यवाणी सच साबित हुई है। जगतगुरू रामभद्राचार्य ने एक दिन पहले कहा था कि मैं गंगा जमुना का समागम देख रहा हूं, एक ओर विज्ञान दूसरी ओर भगवान। निश्चित रूप से 23 अगस्त की संध्या बेला भारत की स्वर्णिम और इतिहास की बेला होगी। जिसको संपूर्ण विश्व नमन करेगा। भारत के प्रधानमंत्री मोदी के शासन का चमत्कार है। उनके साथ भगवान राम की कृपा है। परमेश्वर का पूर्ण आशीर्वाद है। ऋषियों का प्रसाद है और महर्षियों का शुभ संवाद है। उन्होंने कहा कि मिशन चंद्रयान-3 सफल होगा।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य बागेश्वर वाले बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री के गुरु हैं। बीते दिनों धीरेंद्र शास्त्री जब अपने चमत्‍कारों को लेकर विवाद में फंसे थे, तो खुद जगद्गुरु रामभद्राचार्य उनके बचाव में सामने आए थे। उस दौरान उन्‍होंने कहा था कि कुछ लोग धीरेंद्र शास्‍त्री को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

भारत के दूसरे सबसे बड़े सम्मानित संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य की ख्याति देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में है। जिन्होंने आंखों की रोशनी न होते हुए भी अपने भक्ति की रोशनी से 22 भाषाओं और 80 ग्रंथों का ज्ञान प्राप्त किया है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य का नाम आदर और सम्मान के साथ हिन्दू संत समाज में लिया जाता है।

पहले भी कर चुके हैं कई भविष्यवाणी
जगतगुरू रामभद्राचार्य पहले भी कई भविष्यवाणियां कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की भविष्यवाणी भी की थी। उन्होंने साल की शुरूआत में कहा था कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

CM शिवराज के लिए की थी भविष्यवाणी
बता दें कि राजधानी भोपाल में जगद्गुरु रामभद्राचार्य की रामकथा का आयोजन चल रहा था। कथा के समापन मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह चौहान के साथ कथा स्थल पर पहुंचे थे। सीएम श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे, सीएम के संबोधन के खत्म होते ही श्रद्धालुओं ने भोपाल को भोजपाल करने की मांग दोहराई, जिस पर सीएम ने मुस्कुराते हुए कहा कि प्रस्ताव भेजा जाएगा, आप जानते हो कि अकेला मैं नहीं कर सकता। इधर व्यास पीठ से ही जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए भी भविष्यवाणी कर दी है। गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि अगला चुनाव जीतने पर मैं आपके शपथ ग्रहण में आउंगा और आपका तिलक करुंगा।

इसरो ने रचा इतिहास
चंद्रयान3 बुधवार की शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलता पूर्वक उतरा। इसके साथ भारत चंद्रमा पर पहुंचने वाला रूस, अमेरिका और चीन के बाद चौथा देश बन गया है। वहीं, दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। दक्षिणी ध्रुव पर अभी तक कोई देश नहीं पहुंच पाया है। चीन ने एक बार दक्षिणी ध्रुव के करीब अपने मिशन को अंजाम दिया था। लेकिन दक्षिणी ध्रुव पर नहीं पहुंच पाया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News