पुरुषों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब मर्द भी ले सकेंगे गर्भनिरोधक गोली, जल्द बाजार में आने की उम्मीद
punjabkesari.in Friday, Jul 25, 2025 - 09:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अब तक गर्भनिरोधन की जिम्मेदारी ज्यादातर महिलाओं पर ही होती थी, लेकिन अब हालात बदल सकते हैं। वैज्ञानिकों ने पुरुषों के लिए एक नई और सुरक्षित गर्भनिरोधक गोली YCT-529 तैयार की है, जो बिना किसी हार्मोनल बदलाव के स्पर्म बनने की प्रक्रिया को रोक देती है। शुरुआती ट्रायल में यह दवा इंसानों पर भी सुरक्षित साबित हुई है और उम्मीद की जा रही है कि कुछ ही सालों में यह गोली बाजार में उपलब्ध होगी। इस खोज से पुरुषों को भी परिवार नियोजन में बराबर की भागीदारी निभाने का विकल्प मिलेगा, वह भी बिना किसी सर्जरी या स्थायी उपाय के।
क्या है यह नई जादुई गोली YCT-529?
यह गोली खास तौर पर पुरुषों के लिए बनाई गई है। यह शरीर में एक खास जगह, जिसे रेटिनोइक एसिड रिसेप्टर अल्फा (Retinoic Acid Receptor Alpha) कहते हैं, उसे टारगेट करती है। यह रिसेप्टर स्पर्म बनने की प्रक्रिया में बहुत ज़रूरी होता है। YCT-529 इस रिसेप्टर को ब्लॉक कर देता है, जिससे स्पर्म बनना बंद हो जाता है। लेकिन इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह टेस्टोस्टेरोन जैसे हॉर्मोनों पर कोई असर नहीं डालता। यानी, शरीर के हॉर्मोनल बैलेंस में कोई छेड़छाड़ नहीं होती।
इंसानों पर ट्रायल में क्या पता चला?
इस गोली का पहला ट्रायल (फेज 1) 16 पुरुषों पर किया गया। उन्हें 10mg से लेकर 180mg तक की अलग-अलग खुराक दी गई। कुछ को खाली पेट और कुछ को खाने के बाद दवा दी गई, ताकि यह पता चल सके कि खाने से असर बदलता है या नहीं। नतीजों से पता चला कि खाने से कोई खास फर्क नहीं पड़ा और दवा हर हाल में असरदार रही। यह शुरुआती ट्रायल में पूरी तरह सुरक्षित पाई गई।
जानवरों पर पहले ही मिल चुके हैं शानदार नतीजे!
YCT-529 को इंसानों से पहले चूहों और बंदरों पर भी परखा गया था। चूहों को 4 हफ्ते तक यह गोली देने पर 99% तक प्रेग्नेंसी रोकी गई। और जब दवा देना बंद कर दिया गया, तो कुछ ही हफ्तों में उनकी फर्टिलिटी (बच्चे पैदा करने की क्षमता) वापस आ गई। बंदरों पर भी यही देखा गया – गोली लेने से स्पर्म बनना रुक गया और गोली बंद करने के बाद स्पर्म दोबारा बनने लगे। यह दर्शाता है कि यह दवा पूरी तरह से रिवर्सिबल है।
आगे क्या होगा और कब तक मिलेगी यह गोली?
अब इस दवा का अगला ट्रायल (फेज 2) चल रहा है, जिसमें यह देखा जाएगा कि क्या लंबे समय तक इसे लेने से भी यही सुरक्षित असर बना रहता है। साथ ही, स्पर्म की गिनती कितनी कम होती है और गर्भधारण को कितना रोका जा सकता है, इसकी भी जांच की जाएगी।
अगर सब कुछ ठीक रहा और यह ट्रायल भी सफल रहता है, तो उम्मीद है कि 2026 से 2029 के बीच यह गोली बाज़ार में उपलब्ध हो सकती है।
पुरुषों के लिए गर्भनिरोधक गोली का बनना एक बहुत बड़ी क्रांति है। इससे पुरुष भी गर्भनिरोध में बराबर की भूमिका निभा पाएंगे और महिलाओं पर पड़ने वाले शारीरिक और मानसिक प्रभावों को भी कम किया जा सकेगा। यह निश्चित रूप से परिवार नियोजन में एक नया अध्याय जोड़ेगा।