Indian Railways: यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब 10 घंटे पहले ही देख सकेंगे RAC-वेटिंग का स्टेटस, रेलवे ने किया बड़ा बदलाव

punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 05:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। अब यात्रियों को अपने वेटिंग या RAC टिकट के कन्फर्म होने की जानकारी यात्रा से 10 घंटे पहले ही मिल जाएगी। रेलवे बोर्ड ने पहली बार रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है, जिससे आखिरी समय की परेशानी खत्म होगी।

10 घंटे पहले तैयार होगा रिजर्वेशन चार्ट
नए नियमों के तहत, सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट पिछली रात 8 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा। वहीं, दोपहर 2:01 बजे से रात 11:59 बजे और रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चलने वाली ट्रेनों का पहला चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।


पहले केवल 4 घंटे पहले बनता था चार्ट
अब तक रेलवे में पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन चलने से करीब 4 घंटे पहले ही बनता था। इसकी वजह से वेटिंग या RAC टिकट वाले यात्रियों को आखिरी समय तक यह पता नहीं चल पाता था कि उन्हें कन्फर्म सीट मिलेगी या नहीं।


यात्रियों की परेशानी होगी कम
रेलवे के इस फैसले से खासतौर पर दूर-दराज से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। कई बार यात्री चार्ट बनने से पहले स्टेशन पहुंच जाते थे और बाद में टिकट कन्फर्म न होने की जानकारी मिलती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।


यात्रियों की सुविधा के लिए लिया गया फैसला
रेल मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, यह बदलाव यात्रियों की सुविधा और बेहतर यात्रा योजना के लिए किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पहले से चार्ट तैयार होने से यात्री अपनी यात्रा को लेकर सही फैसला ले सकेंगे। इस संबंध में सभी जोनल रेलवे डिवीजनों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रेलवे को लंबे समय से चार्ट देर से बनने को लेकर यात्रियों की शिकायतें मिल रही थीं। अब नए नियम लागू होने से यात्रियों का इंतजार और तनाव दोनों कम होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News