जम्मू कश्मीर के कठुआ में मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, घंटों रेल यातायात बाधित
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 02:08 PM (IST)
जम्मू : जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के छन्न अरोरियां रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया जिसके कारण जम्मू-कठुआ रेल मार्ग पर बुधवार को कई घंटों तक रेल यातायात बाधित रहा। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुई।
यह महत्वपूर्ण रेल मार्ग जम्मू कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का आकलन किया। पटरी से उतरे डिब्बे को बाद में मार्ग से हटा दिया गया जिसके बाद दोपहर करीब 12 बजे रेल यातायात बहाल कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की संपत्ति को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना की जांच की जा रही है और डिब्बे के पटरी से उतरने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
