सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में हुई गोलीबारी में 3 बच्चों और एक शिक्षक की मौत
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 07:10 AM (IST)
ओरेगन: अमेरिका के ओरेगन राज्य के एक एलिमेंट्री स्कूल में गुरुवार को हुई गोलीबारी में तीन बच्चों और एक शिक्षक की मौत हो गई। वहीं, हमला करने वाले 16 साल के एक किशोर को, उसका सामना करने वाले समुदाय के एक व्यक्ति ने गोली मारकर ढेर कर दिया। इस हमले में एक बच्चे और एक शिक्षक समेत दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
यह गोलीबारी बेंड शहर के 'सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल' में दोपहर करीब 1 बजे (स्थानीय समय) हुई, जिसके बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को तुरंत मौके पर पहुंचना पड़ा। गोलीबारी किन हालात में हुई, पीड़ितों की पहचान क्या है और इस हमले के पीछे का मकसद क्या था, इन सब बातों की जांच की जा रही है। बेंड पुलिस विभाग के अनुसार, पहली इमरजेंसी कॉल में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने स्कूल के पास एक कार पर गोलियां चलाई हैं। कुछ ही पल बाद, कई और कॉल आईं जिनमें बताया गया कि एक व्यक्ति स्कूल के अंदर घुस गया है और उसने गोलीबारी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी कुछ ही सेकंड में मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हमलावर को मृत पाया, जिसे गोली लगी थी। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस प्रमुख माइक क्रांट्ज़ ने बताया कि समुदाय के एक व्यक्ति ने उस किशोर का स्कूल के अंदर तक पीछा किया और उससे गोलीबारी की, जिसमें पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मारा गया। पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि पीड़ितों में 5, 8 और 11 साल के तीन बच्चे और एक शिक्षक शामिल हैं। 7 साल का एक बच्चा और एक अन्य शिक्षक घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
'सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल' में किंडरगार्टन से लेकर पांचवीं कक्षा तक के बच्चे पढ़ते हैं, जिनकी उम्र आमतौर पर 5 से 11 साल के बीच होती है। रॉयटर्स के अनुसार, मिलर ने बताया कि स्कूल में लगभग 450 छात्र और 40 स्टाफ सदस्य हैं। गोलीबारी के बाद स्कूल को लॉकडाउन कर दिया गया। अधिकारियों ने पास के एक चर्च में छात्रों और उनके परिवारों के लिए एक 'रीयुनिफिकेशन सेंटर' (मिलन केंद्र) बनाया। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में छात्रों और स्टाफ सदस्यों को लेकर स्कूल बसें इस केंद्र पर पहुंचती देखी गईं। स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने घोषणा की है कि शुक्रवार को बेंड-ला पाइन के सभी स्कूल बंद रहेंगे, जिसमें स्कूल की अन्य गतिविधियां और खेल आयोजन भी शामिल हैं।
गोलीबारी की जांच
फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने कहा है कि वह इस मामले की जांच में स्थानीय अधिकारियों की मदद कर रही है। FBI निदेशक कैश पटेल ने कहा कि संघीय एजेंट घटनास्थल पर मौजूद हैं और एजेंसी जांचकर्ताओं को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएगी। ओरेगन की गवर्नर टीना कोटेक ने गोलीबारी की घटना पर दुख जताया और लोगों से अपील की कि वे इस त्रासदी से प्रभावित लोगों की मदद करें।
कोटेक ने एक बयान में कहा, "आज बेंड के सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में हुई इस दुखद घटना के बारे में जैसे-जैसे हमें और जानकारी मिल रही है, हमें एक साथ आना चाहिए और एक-दूसरे का, अपने पड़ोसियों का और ओरेगन के अन्य निवासियों का समर्थन करना चाहिए। किसी भी समुदाय को ऐसे दिन का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।"
