केरलम में भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा, सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी सुरक्षित
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 09:31 AM (IST)
तिरुवनंतपुरम : केरलम के तिरुवनंतपुरम में परसाला रेलवे स्टेशन के पास बुधवार देर रात भूस्खलन के कारण बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। इसके बाद रेलवे ने छह यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है और प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेन की यात्रा आंशिक रूप से रद्द की है। रेलवे के अनुसार यह घटना रात दो बजकर 19 मिनट पर हुई, जब भूस्खलन के बाद ट्रेन संख्या 22619 बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस को परसाला के पास रोक दिया गया। रेलवे ने बताया कि ट्रेन रुकने के बाद उसका इंजन पटरी से उतरा हुआ पाया गया।
दक्षिण रेलवे ने एक बयान में कहा, 'सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी सुरक्षित हैं।' उसने बताया कि ट्रेन को आगे ले जाने के लिए तत्काल एक अन्य इंजन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा, मरम्मत का काम करने और ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू करने के लिए कर्मचारियों और आवश्यक सामग्री के साथ दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) को घटनास्थल पर भेजा गया। दक्षिण रेलवे ने ताजा जानकारी देते हुए बताया कि 20 अक्टूबर को बिलासपुर से रवाना हुई बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस की यात्रा नेय्याट्टिनकारा स्टेशन पर समाप्त होगी।
नेय्याट्टिनकारा और तिरुनेलवेली के बीच इस ट्रेन की सेवा आंशिक रूप से रद्द कर दी गई है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। परसाला रेलवे स्टेशन के पास मरम्मत का काम जारी रहने के कारण बृहस्पतिवार को चलने वाली छह यात्री ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं। रद्द की गई ट्रेनों में तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-कोल्लम जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ पैसेंजर, कोल्लम जंक्शन-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर शामिल हैं।
कन्याकुमारी-मंगलुरु सेंट्रल परशुराम एक्सप्रेस का वक्त भी पुनर्निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन कन्याकुमारी से सुबह तीन बजकर 45 मिनट पर रवाना होने वाली थी। इस तरह ट्रेन के प्रस्थान में तीन घंटे 15 मिनट की देरी हुई है। दक्षिण रेलवे ने ट्रेन सेवाओं के बारे में ताजा जानकारी के लिए अस्थायी संपर्क नंबर जारी किए हैं। यह घटना क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम जिले के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया था और बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी थी। विभाग ने 22 से 25 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए 'येलो' अलर्ट भी जारी किया था।
