रेल पटरियों पर फंसी कार से टकराई यात्री ट्रेन, लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 01:03 AM (IST)
नेशनल डेस्क : मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में बृहस्पतिवार रात रेलवे फाटक बंद होने के दौरान पटरियों पर फंसी एक कार से वलसाड-हिसार स्पेशल यात्री ट्रेन (04728) टकरा गई। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि लोको पायलट (ट्रेन चालक) की सूझ-बूझ और कार में सवार लोगों के समय रहते उतर जाने के कारण घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि घटना रतलाम और नामली रेलवे स्टेशनों के बीच बृहस्पतिवार रात 10:30 बजे के आस-पास हुई। उन्होंने कहा, ''कार चालक ने रेलवे फाटक बंद होने से ऐन पहले हड़बड़ी में कार को पटरियों से निकालने की कोशिश की। तभी रेलवे फाटक बंद हो गया और कार पटरियों पर फंस गई। चंद ही पलों में यात्री ट्रेन वहां से गुजरी और कार से टकरा गई।''
कुमार ने बताया कि कार में सवार लोग टक्कर से पहले ही उतर गए थे और लोको पायलट के संभवत: आपातकालीन ब्रेक लगाने से ट्रेन की गति धीमी हो गई जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेलवे अधिकारी के अनुसार क्षतिग्रस्त कार को पटरियों से हटाने के बाद ट्रेन को बृहस्पतिवार रात 11 बजकर 40 मिनट पर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और इसके बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।
