मुंबई लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में पावर बैंक से लगी आग, कोई हताहत नहीं

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 12:59 AM (IST)

नेशनल डेस्क : मुंबई की एक लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में शनिवार को एक यात्री के बैग में रखा पावर बैंक फटने से आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार अपराह्न लगभग 12:30 बजे दादर से बदलापुर जा रही लोकल ट्रेन में हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि घाटकोपर स्टेशन पहुंचने से पहले एक महिला के बैग में पावर बैंक के कथित तौर पर फटने से आग लग गई और डिब्बे में धुआं भर जाने के बाद यात्रियों ने 'अलार्म चेन' खींच दी। यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए जलते हुए बैग को डिब्बे से बाहर निकाला और पानी डालकर आग बुझा दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी को चोट नहीं आई लेकिन महिला यात्री का सामान जलकर नष्ट हो गया। अधिकारी के मुताबिक, सुरक्षा जांच के लिए ट्रेन को घाटकोपर स्टेशन पर अपराह्न 12 बजकर 51 मिनट से 12 बजकर 53 मिनट तक रोका गया। रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन का निरीक्षण किया, जिसके बाद उसे फिर से रवाना कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात पनवेल से वडाला जा रही वातानुकूलित लोकल ट्रेन में भी इसी तरह की घटना हुई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News