Gold-Silver Price Crash: सोने-चांदी के दामों में तेज गिरावट, इतनी रह गई कीमतें

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 07:03 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में अचानक गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना करीब 2,000 रुपए तक सस्ता हो गया है, जबकि चांदी की कीमत में लगभग 7,100 रुपए की कमी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि जिन निवेशकों ने हाल ही में उच्च दाम पर खरीदारी की थी, उनके लिए यह चिंता का विषय बन सकता है। वहीं कुछ निवेशक इसे खरीदारी का अवसर भी मान सकते हैं।

IBJA रेट्स: सोना-चांदी कितने पर बंद हुए?

IBJA के गुरुवार शाम 5 बजे जारी रेट्स के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,60,586 रुपए प्रति 10 ग्राम रही, जो पिछले कारोबारी दिन 1,62,548 रुपए थी। 22 कैरेट सोना 1,46,423 रुपए और 18 कैरेट सोना 1,20,440 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

चांदी में भी गिरावट आई और यह 2,64,212 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई, जबकि पिछली सत्र में यह 2,71,347 रुपए थी।

MCX पर कीमतों में हल्की तेजी

एमसीएक्स पर अप्रैल डिलिवरी वाला सोना 333 रुपए की बढ़त के साथ 1,61,858 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। ट्रेडिंग के दौरान इसका उच्च स्तर 1,63,142 रुपए और निचला स्तर 1,60,530 रुपए रहा। वहीं मार्च डिलिवरी वाली चांदी 1,710 रुपए की तेजी के साथ 2,63,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। इसका हाई लेवल 2,66,150 रुपए और लो लेवल 2,57,100 रुपए रहा।

क्या सोना फिर से बढ़ सकता है?

विशेषज्ञों का मानना है कि सोने और चांदी का दीर्घकालिक रुझान अभी भी मजबूत बना हुआ है। टेक्निकल विश्लेषण के अनुसार, MCX पर सोना फिलहाल साइडवेज-टू-बुलिश रेंज में है। विशेषज्ञों के अनुसार, सोने के लिए 1,58,000 रुपए का स्तर अहम सपोर्ट है। यदि कीमतें इस स्तर के ऊपर टिकती हैं, तो आने वाले समय में सोना 1,72,000 रुपए तक पहुंच सकता है। वहीं सपोर्ट से नीचे गिरावट आने पर थोड़ी और कमजोरी देखने को मिल सकती है।

चांदी में तेजी की संभावना

चांदी में भी मजबूत सपोर्ट के चलते तेजी देखने को मिल रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि 2,54,000 रुपए का स्तर चांदी के लिए महत्वपूर्ण सपोर्ट है। इसके ऊपर कीमतें बनी रहती हैं, तो गिरावट पर खरीदारी रणनीति कारगर हो सकती है। विश्लेषकों के अनुसार, चांदी आने वाले समय में 3,00,000 रुपए के करीब रेजिस्टेंस स्तर को टेस्ट कर सकती है। कुल मिलाकर छोटी अवधि में उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन लंबी अवधि का रुझान अभी भी तेजी की ओर संकेत कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News