गोधरा कांड: मुख्य आरोपी रफीक हुसैन 19 साल बाद हुआ गिरफ्तार, स्टेशन पर करता था मजदूरी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 16, 2021 - 08:21 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गोधरा कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 19 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रफीक हुसैन भटुक को गोधरा शहर से गिरफ्तार किया गया। बता दें कि साल 2002 में गुजरात के पंचमहल जिले के गोधरा स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच में भीड़ ने आग लगा दी थी। इस भीड़ में रफीक भी शामिल था। आरोप है कि रफीक ने ट्रेन के कोच पर पहले पत्थर फेंके और फिर बाद में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में 59 कार सेवकों की मौत हुई थी।

पंचमहल जिले की पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल ने कहा कि 51 साल के भटुक आरोपियों के उस मुख्य समूह का हिस्सा था, जोकि पूरी साजिश में लिप्त था. भटुक पिछले करीब 19 साल से फरार था। पाटिल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गोधरा पुलिस ने रविवार रात को रेलवे स्टेशन के नजदीक सिग्नल फलिया के एक घर में छापेमारी की और भटुक को वहां से गिरफ्तार किया।

साजिश रचने में शामिल
उन्होंने कहा, 'भटुक आरोपियों के उस मुख्य समूह का हिस्सा था जिन्होंने पूरी साजिश रची, भीड़ को उकसाया और ट्रेन के कोच को जलाने के लिए पेट्रोल का इंतजाम किया। जांच के दौरान नाम सामने आने के तुरंत बाद वो दिल्ली भाग गया था। उसके खिलाफ हत्या और दंगा फैलाने समेत कई सारे आरोप हैं।

कोच में लगाई थी आग
बता दें कि 27 फरवरी 2002 को हुए गोधरा कांड में 59 कारसेवक मारे गए थे, जिसके बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भटुक गोधरा रेलवे स्टेशन पर मजदूरी करता था। उन्होंने कहा, 'वह कोच पर पथराव करने और उसमें पेट्रोल डालने में लिप्त थो, जिसके बाद अन्य आरोपियों ने कोच में आग लगा दी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News