वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर वर्जन का फर्स्ट लुक आया सामने, यहां देखें तस्वीरें
punjabkesari.in Sunday, Oct 01, 2023 - 07:26 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर वर्जन का पहला लुक सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर वर्जन में 857 बर्थ होंगी। इनमें 823 बर्थ यात्रियों के लिए और 34 वर्ष स्टाफ के लिए आरक्षित रखी जाएंगी। प्रत्येक कोच में एक मिनी पेंट्री भी होगी। वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर कोच का लुक अच्छा दिख रहा है।
बताते चलें कि वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर वर्जन की पहली ट्रेन अगले साल फरवरी के अंत तक पटरियों पर आने की संभावना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चेन्नई में एक कार्यक्रम में कहा था कि अगले साल मार्च 2024 में वंदे भारत एक्सप्रेस का स्लीपर वर्जन लॉन्च कर दिया जाएगा। बता दें कि अभी देश में 30 से अधिक रूटों पर चेयर कार वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है।
चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) के जनरल मैनेजर बीजी माल्या ने 16 सितंबर को बताया था कि इसी फाइनेंशियल ईयर के दौरान वंदे का स्लीपर वर्जन लॉन्च किया जाएगा। साथ ही वंदे मेट्रो भी इसी फाइनेंशियल ईयर में लॉन्च की जा सकती है। माल्या ने बताया कि अभी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को बनाया जा रहा है और इसे मार्च 2024 में लॉन्च किया जाएगा। इसके साथ ही वंदे मेट्रो का भी प्रोडक्शन चल रहा है। 12 कोच की इस ट्रेन को छोटे रूट पर जनवरी से चलाया जा सकता है।
माल्या ने बताया कि वंदे भारत का एक नॉन एसी ट्रेन वर्जन भी लॉन्च करने की योजना है। इस साल 31 अक्टूबर से पहले इसे लॉन्च किया जाएगा। यह एक नॉन-एसी पुश-पुल ट्रेन होगी, जिसमें 22 कोच और इसके दोनों तरफ एक-एक लोकोमोटिव यानी इंजन होगा। स्लीपर वंदे भारत को एक कंसोर्टियम यानी दो कंपनियां मिलकर बना रही हैं। इसमें रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) और रूस का TMH ग्रुप शामिल है। इस कंसोर्टियम ने 200 में से 120 स्लीपर वंदे भारत चलाने के लिए सबसे कम बोली लगाई थी। बाकी 80 ट्रेनों की सप्लाई टीटागढ़ वैगन्स और BHEL का कंसोर्टियम करेगा।
RVNL के जीएम (मैकेनिकल) आलोक कुमार मिश्रा ने अगस्त में कहा था कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की रफ्तार 160 किमी प्रति घंटे होगी। इसमें 16 कोच होंगे जिनमें 11 एसी3, चार एसी2 और एक एसी1 कोच होगा। उनका कहना था कि कोच की संख्या 20 या 24 की जा सकती है।
15 फरवरी 2019 को पहली वंदे भारत ट्रेन लॉन्च हुई
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के अलग-अलग स्थानों पर 9 वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। केरल में पहली भगवा डिजाइन की वंदेभारत एक्सप्रे को भी हरी झंडी दिखाई गई। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2018 को लाल किले से दिए भाषण में 75 वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू किए जाने का ऐलान किया था। हालांकि पहली वंदे भारत ट्रेन 15 फरवरी 2019 को शुरू हो गई थी। देश में अब तक 34 वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जा रही हैं। इनमें नई दिल्ली-वाराणसी, नई दिल्ली-माता वैष्णो देवी कटरा, मुंबई सेंट्रल गांधी नगर समेत कई देश के अलग-अलग राज्यों में वंदे भारत ट्रेनों का सफल संचालन किया जा रहा है।