शादी के जोड़े में दुल्हन कर रही थी अपने दूल्हे राजा का इंतजार, फिर एक कॉल ने...

punjabkesari.in Monday, Apr 07, 2025 - 09:08 AM (IST)

नेशनल डेस्क। फिरोजाबाद के रसूलपुर के पुराना रसूलपुर निवासी एक युवती का निकाह कलावती स्कूल के पास रहने वाले एक युवक से तय हुआ था। विवाह की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं लेकिन अचानक लड़के वालों ने दहेज में दस लाख रुपये की मांग रख दी जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।

दहेज की मांग के कारण शादी रद्द

रविवार सुबह करीब छह बजे लड़की के पिता को लड़के के पिता ने फोन कर दहेज में दस लाख रुपये की मांग की। जब लड़की के पिता ने यह राशि देने में असमर्थता जताई तो लड़के के परिवार ने साफ तौर पर कह दिया कि अब बरात नहीं आएगी। इस शर्त के बाद लड़की पक्ष के लोग हैरान रह गए क्योंकि शादी के सारे इंतजाम पहले ही पूरे हो चुके थे।

लड़के वालों ने की लड़की वालों के साथ मारपीट

जब लड़की के परिवार वाले लड़के के घर जाकर यह जानने की कोशिश करने लगे कि क्यों शादी नहीं हो रही तो वहां की स्थिति और भी गंभीर हो गई। लड़के वालों ने लड़की के परिवार के लोगों के साथ मारपीट की जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। लड़की की शादी की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। जहां खुशियों का माहौल होना चाहिए था वहीं एक अजीब सी चुप्प थी। दुल्हन और उसके परिवार के सदस्य हैरान और परेशान थे यह समझ ही नहीं पा रहे थे कि आखिर क्या हुआ।

 

यह भी पढ़ें: क्या बाबा वेंगा की भविष्यवाणी होगी सच? जानिए आने वाले समय में कहां होगा इस्लामिक शासन, इन देशों के नाम हैं शामिल

 

दहेज ने सब कुछ किया बर्बाद 

लड़की के पिता ने बताया कि शादी के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। शादी के कार्ड बांटे जा चुके थे रिश्तेदारों और मेहमानों का आना शुरू हो गया था दहेज का सामान खरीद लिया गया था और खाने-पीने का इंतजाम भी हो चुका था लेकिन लड़के वालों की अचानक दहेज की मांग ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। विवाह स्थल पर खामोशी छा गई थी और हर किसी का चेहरा उदास था। दुल्हन की सहेलियां और रिश्तेदार सभी सकते में थे।

पुलिस मामले की कर रही जांच 

वहीं पुलिस ने मामले की जानकारी होने की पुष्टि की है हालांकि अब तक लड़की के परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है और उम्मीद की जा रही है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News