हद कर दी! उड़ान के बीच टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था यात्री, धुएं ने मचाया हड़कंप, फिर पुलिस ने एयरपोर्ट पर ही...
punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 07:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जब एक 25 वर्षीय यात्री को फ्लाइट के टॉयलेट में सिगरेट फूंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह घटना फुकेत जाने वाली फ्लाइट में हुई, जहां अचानक टॉयलेट से धुआं उठने लगा और यात्रियों में डर और अफरा-तफरी मच गई।
अफरा-तफरी की स्थिति
फ्लाइट के यात्रियों ने धुआं देखते ही हड़बड़ी मचाई। एयरलाइन स्टाफ ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को पकड़ लिया। फ्लाइट जैसे ही मुंबई एयरपोर्ट पर उतरी, आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
आरोपी की पहचान और विवरण
पुलिस ने आरोपी की पहचान भव्य गौतम जैन के रूप में की है। वह साउथ मुंबई के नेपियंसी रोड इलाके का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जैन ने टॉयलेट में सिगरेट जलाई थी, जो विमानन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
कानूनी कार्रवाई
मुंबई पुलिस ने आरोपी को विमान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। देश में सभी यात्री विमानों में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों को गंभीर माना जाता है, क्योंकि यात्री सुरक्षा को खतरा होता है।
पूछताछ और भविष्य की कार्रवाई
अभी आरोपी से पूछताछ जारी है। हवाईअड्डा और एयरलाइन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।