मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और दिल्ली जाने वाले 1000 से अधिक यात्री एयरपोर्ट पर फंसे: एयरलाइन ने जताया खेद
punjabkesari.in Wednesday, Dec 03, 2025 - 11:47 AM (IST)
नेशनल डेस्क: हैदराबाद के शमशाबाद एयरपोर्ट पर मंगलवार की रात से इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में तकनीकी खराबी ने हड़कंप मचा दिया है। तकनीकी समस्या के कारण मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और दिल्ली के लिए उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते लगभग 1000 यात्री एयरपोर्ट पर लंबी प्रतीक्षा कर रहे हैं और उनकी यात्रा योजनाएं बाधित हो गई हैं।
उड़ानें रुकीं, यात्री परेशान
विशेष रूप से बेंगलुरु जाने वाली उड़ानें सबसे ज्यादा प्रभावित हुईं। मंगलवार-रात 2 बजे निर्धारित एक उड़ान को रनवे पर ही दो घंटे तक रोका गया। बढ़ती चिंता और तनाव के बीच यात्रियों को विमान से उतारकर एयरपोर्ट टर्मिनल में इंतजार करने के लिए कहा गया।
यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी उन लोगों को हो रही है जिन्हें विदेश जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी या वीजा इंटरव्यू के लिए विभिन्न शहरों का सफर तय करना था। एयरपोर्ट पर मौजूद इंडिगो कर्मचारी तकनीकी गड़बड़ी और उड़ान के समय के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
एक यात्री ने बताया, “हमें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। न तो बताया गया कि उड़ान कब चलेगी और न ही देरी का कारण स्पष्ट किया गया। खाने-पीने की कोई व्यवस्था भी नहीं हुई।”
एयरलाइन ने जताया खेद
इंडिगो एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि तकनीकी खराबी की समस्या सामने आई है और इसे जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की और उन्हें हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
विमानन क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना देश के सबसे बड़े विमानन संचालकों में से एक के लिए चिंता का विषय है। इंडिगो को हाल के महीनों में तकनीकी विश्वसनीयता को लेकर कई बार आलोचना का सामना करना पड़ा है।
एयरपोर्ट प्रशासन की प्रतिक्रिया
शमशाबाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सभी यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।
