वायुसेना के राफेल बेड़े में महिला फाइटर पायलट की एंट्री, अब चीन से लड़ेगी देश की जांबाज बेटियां
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2020 - 04:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय वायुसेना इतिहास बदलने जा रहा है। महिला लड़ाकू पायलट जल्द ही ‘गोल्डन ऐरो' स्क्वाड्रन में शामिल होंगी जिसमें हाल ही में राफेल युद्धक विमानों को शामिल किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह महिला पायलट राफेल विमान उड़ाने का प्रशिक्षण ले रही हैं।
दोनों महिला अधिकारियों का नाम सब लेफ्टिनेंट (एसएलटी) कुमुदिनी त्यागी और एसएलटी रीति सिंह है। वह मिग-21 लड़ाकू विमान उड़ाती रही हैं और उन्हें राफेल के लिए आंतरिक चयन प्रक्रिया द्वारा चुना गया है। वतर्मान में भारतीय वायुसेना में लड़ाकू विमान उड़ाने वाली 10 महिला पायलट और 18 महिला नेविगेटर हैं। वायुसेना में इस समय महिला अधिकारियों की कुल संख्या 1,875 है।
गत सप्ताह, रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने संसद में कहा था कि वायुसेना में रणनीतिक आवश्यकताओं को देखते हुए महिला लड़ाकू पायलटों को शामिल और तैनात किया गया है। पिछले साल 10 सितंबर को वायुसेना की ‘गोल्डन ऐरो' स्क्वाड्रन का पुनर्गठन किया गया था।
बता दें कि करगिल युद्ध में पहली बार भारतीय वायुसेना ने महिला पायलट्स को ऐक्टिव ऑपरेशंस का हिस्सा बनाया था। साल 2016 में सरकार ने महिलाओं को फाइटर फ्लाइंग की इजाजत भी दे दी थी। तब से अबतक 10 महिला पायलट्स कमिशन की गई हैं। IAF की 10 महिला फाइटर पायलट्स ने अब तक सुखोई-30 एमकेआई, मिग-21, मिग-29 जैसे कई लड़ाकू विमान उड़ाए हैं।