भूकंप के झटकों से एक बार फिर हिली धरती, 10km की गहराई पर रहा केंद्र
punjabkesari.in Monday, Sep 08, 2025 - 10:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सोमवार रात को पूर्वोत्तर भारत के त्रिपुरा राज्य में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, रात 8 बजकर 27 मिनट पर आए इस भूकंप का केंद्र त्रिपुरा के उना कोटी जिले में जमीन के नीचे था। भूकंप का केंद्र अक्षांश: 24.31 N, देशांतर: 91.99 E पर जमीन से मात्र किलोमीटर की गहराई पर रहा है।
भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। उना कोटी के साथ-साथ आसपास के जिलों जैसे धलाई, खोवाई और नॉर्थ त्रिपुरा में भी लोगों ने हल्के झटके महसूस किए। स्थानीय निवासियों ने सोशल मीडिया पर इस बारे में जानकारी साझा की, लेकिन प्रशासन ने किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं की है।
क्यों आते हैं इस क्षेत्र में भूकंप?
त्रिपुरा भूकंपीय ज़ोन-V में आता है, जो भूकंप के लिहाज़ से बहुत सक्रिय माना जाता है। इस क्षेत्र में हिमालयी टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधि के कारण अक्सर हल्के भूकंप आते रहते हैं।
- रिकॉर्ड: इस साल यानी 2025 में अब तक त्रिपुरा और इसके आसपास के क्षेत्रों में 60 से ज़्यादा बार भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं।
- पिछली घटना: हाल ही में अप्रैल 2025 में भी 4.0 तीव्रता का एक भूकंप आया था, जिसके झटके त्रिपुरा में महसूस किए गए थे।