Rain Update: दिल्ली में झमाझम बारिश से मिली राहत, भारी बारिश से सड़कों पर भरा पानी, ट्रैफिक जाम, IMD का अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, Aug 09, 2025 - 10:17 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में शुक्रवार देर रात से लगातार हो रही तेज बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी है। हालांकि, इस बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है और गाड़ियों की रफ्तार थम गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। साथ ही, आने वाले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
रक्षाबंधन पर मौसम ने बदला मिजाज
आज देशभर में रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा रहा है, ऐसे में दिल्ली-NCR के लोगों के लिए यह बारिश गर्मी से एक बड़ी राहत लेकर आई है। लगातार धूप और उमस के बाद लोगों को सप्ताहांत पर ठंडी हवाओं और बारिश ने राहत दी है।
#WATCH | Delhi | Waterlogging at the Mathura Road following light rain pic.twitter.com/t7xAqXsBej
— ANI (@ANI) August 8, 2025
जलभराव से यातायात प्रभावित
बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है। इससे ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन जलभराव में फंसे भी देखे गए।
तापमान में गिरावट की उम्मीद
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम था। अब अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
14 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 14 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। तापमान 24 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि दिन के समय धूप भी देखने को मिल सकती है, जिससे कुछ हद तक उमस बनी रह सकती है।