Delhi: म्यांमार के 11 पर्यटकों की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव, सफदरजंग अस्पताल से होंगे डिस्चार्ज
punjabkesari.in Wednesday, Dec 28, 2022 - 04:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में आइसोलेशन में रखे गए म्यांमार के 11 पर्यटक कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त हो गए हैं और उन्हें छुट्टी दी जा रही है। पिछले सप्ताह इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इनमें से एक के covid-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया, ‘‘म्यांमार से आए 11 पर्यटकों के ग्रुप को रविवार को हवाई अड्डे से अस्पताल लाया गया था। उन्हें आइसोलेट वार्ड में रखा गया था।
अब सभी 11 की covid जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और उन्हें छुट्टी दी जा रही है।'' चिकित्सक ने बताया कि हवाई अड्डे पर covid-19 से संक्रमित पाए गए मरीज के नमूने को आनुवंशिकी अनुक्रमण के लिए भेज दिया गया है। बता दें कि चीन सहित कुछ देशों में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार शनिवार से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में आने वाले यात्रियों में से दो प्रतिशत की covid-19 जांच को अनिवार्य कर दिया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR जांच अनिवार्य होगी और इन देशों से आने वाले यात्रियों को बुखार सहित covid-19 के लक्षण होने पर आइसोलेशन में भेजा जाएगा।