Delhi School New Guideline: दिल्ली के स्कूलों को लेकर जारी हुई नई गाइडलाइन, जानें क्या बदला

punjabkesari.in Friday, Apr 25, 2025 - 08:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए नई सुरक्षा गाइडलाइन जारी की हैं। यह गाइडलाइन बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है और यह गाइडलाइन 27 मार्च 2025 को जारी किए गए सर्कुलर का विस्तार है। इसके तहत स्कूलों में अब कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, ताकि छात्रों को गर्मी के असर से बचाया जा सके।

क्या हैं नई गाइडलाइंस?

गर्मियों के मौसम में छात्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कुछ अहम कदम उठाए गए हैं, जो स्कूलों में लागू होंगे:

1. दोपहर की असेंबली रद्द
गर्मियों के चलते अब स्कूलों में दोपहर की छात्र असेंबली नहीं होगी। इससे छात्रों को सीधी धूप से बचाया जाएगा और उनके स्वास्थ्य की रक्षा की जाएगी।

2. बाहरी कक्षाएं प्रतिबंधित
अब स्कूलों में खुले में कोई भी कक्षा नहीं ली जाएगी। यानी सभी कक्षाएं अब अंदर ही होंगी, ताकि छात्रों को ज्यादा गर्मी का सामना न करना पड़े।

3. हीटवेव के दौरान बाहरी गतिविधियाँ बंद
जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, तब तक सभी आउटडोर गतिविधियाँ जैसे खेल कूद या प्रैक्टिकल क्लासेज बंद रहेंगी। छात्रों को सुरक्षा के लिहाज से इनसे दूर रखा जाएगा।

4. पेयजल की व्यवस्था
गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है, इसीलिए सभी स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। RO सिस्टम और वाटर कूलर का कार्यशील होना अनिवार्य होगा।

5. कक्षा का वेंटिलेशन
सभी कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन और कार्यशील पंखे होने चाहिए, ताकि छात्रों को गर्मी से राहत मिल सके।

6. पानी पीने के ब्रेक
समय-समय पर छात्रों को पानी पीने के लिए निर्धारित ब्रेक दिए जाएंगे। यह कदम छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

7. फायर सेफ्टी
स्कूल के सभी गलियारों में फायर एक्सटिंग्विशर कार्यशील स्थिति में होने चाहिए। सुरक्षा के मामले में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

8. धूप से सुरक्षा
छात्रों को गर्मी से बचने के लिए टोपी, छाता या दुपट्टे से सिर ढकने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

9. सीधी धूप से बचाव
किसी भी छात्र, अभिभावक या स्टाफ सदस्य को खुली धूप में न बैठने या ठहरने की सलाह दी जाएगी।

10. गर्मी से जुड़ी बीमारियों का उपचार
गर्मी से जुड़ी किसी भी बीमारी के मामले में तुरंत ORS और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। स्कूलों में यह सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।

11. बीमारी की रिपोर्टिंग
किसी भी बीमारी का मामला सामने आने पर उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।

12. सामान्य स्वच्छता
इस गाइडलाइन के तहत पहले से लागू सभी सुरक्षा और स्वच्छता उपायों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

बढ़ती गर्मी का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में इस साल की गर्मी अधिक होने का अनुमान है। हाल ही में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इस गर्मी से बचाव के लिए यह गाइडलाइन जरूरी कदम हैं।

अभिभावकों के लिए सलाह

अब अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को इस मौसम में गर्मी से बचने के उपायों के बारे में अवगत कराएं और सुनिश्चित करें कि उनका बच्चा सभी सुरक्षा गाइडलाइनों का पालन कर रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News