दिल्ली: आज से फिर खुल रहा आश्रम फ्लाईओवर, सिर्फ इन वाहनों को मिलेगी एंट्री...ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
punjabkesari.in Monday, Mar 06, 2023 - 09:37 AM (IST)

नेशनल डेस्क: करीब दो महीने से बंद दिल्ली आश्रम फ्लाईओवर आज से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे दिल्ली और नोएडा के बीच आना-जाना आसान हो जाएगा और जाम से बड़ी राहत मिलेगी। पिछले दो महीने से आश्रम फ्लाईओवर के विस्तार का काम चल रहा था जिस कारण इसे बंद किया गया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज इसका उद्घाटन करेंगे जिसके बाद शाम 5 बजे से फ्लाईओवर को आम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। आश्रम फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जून 2020 में शुरू किया गया था।
दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने रविवार को यात्रियों के लिए एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की। दिल्ली पुलिस ने अपनी सलाह में बारापुला फ्लाईओवर का उपयोग करने वाले यात्रियों को आश्रम फ्लाईओवर का उपयोग करने की सलाह दी। हालांकि आश्रम फ्लाईओवर पर अभी बस-ट्रक समेत भारी वाहनों की एंट्री पर अभी रोक रहेगी।
कौन कर सकता है आश्रम फ्लाईओवर का इस्तेमाल?
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक डीएनडी से गुरुग्राम, चिराग दिल्ली, कालकाजी, खानपुर, ग्रेटर कैलाश, साकेत, एम्स, आईएनए और सफदरजंग की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को बारापुला फ्लाईओवर के बजाए आश्रम फ्लाईओवर का उपयोग करने की सलाह दी गई है। आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार के बाद से नोएडा, गाजियाबाद से दक्षिण दिल्ली आने जाने वाले वाहनों को फायदा मिलेगा। अभी इन रास्तों पर जाम से जूझना पड़ता है। फ्लाईओवर के विस्तार के बाद जाम से मुक्ति मिलेगी।