ऑफ द रिकॉर्डः केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के सदस्यों की नियुक्ति में विलंब, ‘अधिकारी परेशान’

punjabkesari.in Thursday, Dec 10, 2020 - 05:43 AM (IST)

नई दिल्लीः वरिष्ठ आयकर अधिकारी इस बात से हैरान हैं कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सी.बी.डी.टी.) के सदस्यों की नियुक्ति में विलंब क्यों किया जा रहा है और इसके लिए कोई कारण भी सामने नहीं आ रहा है। पता चला है कि दो सदस्यों के रूप में अखिलेश रंजन (रिटायर्ड आई.आर.एस. आई.टी.: 1982) तथा प्रणब कुमार दास (रिटायर्ड आई.आर.एस. आई.टी.: 1984) की नियुक्ति का प्रस्ताव पिछले कई महीनों से कैबिनेट की नियुक्ति समिति की हरी झंडी का इंतजार कर रहा है।

यह भी सुनने में आया है कि अमित जैन (आई.आर.एस. आई.टी.: 1985) के भी सदस्यता की दौड़ में शामिल होने के कारण देरी हो रही है। जैन इस समय गुजरात में प्रिंसीपल चीफ कमिश्नर इंकम टैक्स (पी.सी.सी.आई.टी.) हैं जिनके पास डी.जी. (जांच) का भी अतिरिक्त कार्यभार है। उल्लेखनीय है कि अखिलेश रंजन ने नवम्बर 2019 में पी.सी. मोदी (रिटायर्ड आई.आर.एस. आई.टी.: 1982) को कांट्रैक्ट आधार पर पुन:चेयरमैन बनाने के विरोध में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वी.आर.एस.) ले ली थी। पी. के. दास अप्रैल 2020 में सेवानिवृत्त हो गए थे। इस बीच, सीमा खोराना पात्रा (आई.आर.एस. आई.टी.: 1983) के इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त होने से सदस्य का एक पद और खाली होने वाला है। 

आयकर अधिकारियों का कहना है कि अगले 3 महीनों में चेयरमैन के पद समेत कई और पद खाली होने वाले हैं, इससे कामकाज पर भारी असर पड़ेगा। कुछ अधिकारियों का मानना है कि राजस्व विभाग सी.बी.डी.टी. सदस्य के रूप में अमित जैन की नियुक्ति को लेकर आकलन कर रहा है। जैन 4 महीने में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इससे चीजें पेचीदा हो सकती हैं। इसके बावजूद बोर्ड के सदस्यों की संख्या पूरी करने के लिए कोई कोशिश होती नहीं दिख रही है।    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News