रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह AIIMS में भर्ती, पीठ दर्द की शिकायत

punjabkesari.in Thursday, Jul 11, 2024 - 11:04 PM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बृहस्पतिवार को पीठ दर्द की शिकायत के कारण दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एम्स की मीडिया प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. रीमा दादा ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि उनकी जांच की जा रही है। सिंह (73) को तड़के भर्ती कराया गया और वह पुराने निजी वार्ड में हैं। 

भाजपा के कद्दावर नेता और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सांसद हैं। उनका जन्म 10 जुलाई 1951 को यूपी में वाराणसी जिले के भाभोरा गांव में राजपूत परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम राम बदन सिंह और माता का नाम गुजराती देवी है। साधारण किसान परिवार के बेटे राजनाथ आज देश की सियासत में बड़ा नाम हैं।उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से पढ़ाई की।

13 साल की उम्र में आरएसएस से जुड़ गए थे राजनाथ
महज 13 साल की उम्र में राजनाथ सिंह आरएसएस से जुड़ गए थे। 1977 में वो मिर्जापुर से विधानसभा के सदस्य चुने गए थे। वो जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से खासा प्रभावित थे। 1975 में जब आपातकाल लगा तो राजनाथ को भी जेल जाना पड़ा था। जेल से रिहा होने के बाद वो फिर से विधानसभा के सदस्य चुने गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News