कांग्रेस विधायक हुए सड़क हादसे का शिकार, चलती कार का टायर फटा; मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 01:37 PM (IST)
मलप्पुरम: केरलम के त्रिक्करिपुर से विधायक संदीप वारियर शनिवार तड़के जिले के कोयिचाना में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। जिस कार में वह यात्रा कर रहे थे, वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई, हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चलती कार का एक टायर फट गया और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। वारियर कासरगोड जिले में अपने विधानसभा क्षेत्र त्रिक्करिपुर का दौरा करने के बाद गृह नगर चेथल्लूर लौट रहे थे। इस घटना के बाद विधायक की कार के पीछे आ रही दो अन्य कारें भी आपस में टकरा गईं। हालांकि गनीमत रही कि वाहनों में सवार लोगों को भी कोई चोट नहीं आई।
पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के साथ यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रवक्ता और राज्य समिति के सदस्य रहे वारियर 16 नवंबर, 2024 को पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पार्टी बदलने से पहले वह करीब दो दशक तक भाजपा से जुड़े रहे थे।
