दर्दनाक हादसा : सड़क हादसे में बच्ची समेत 3 लोगों की मौत
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 12:50 AM (IST)
नेशनल डेस्क : लखनऊ के आउटर रिंग रोड पर सोमवार को 13 लोगों को ले जा रही एक बोलेरो कार के डिवाइडर से टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों में तीन साल की बच्ची भी शामिल है। पुलिस के बयान के अनुसार, यह हादसा अपराह्न करीब 3.30 बजे सुशांत गोल्फ सिटी थाना इलाके में लखनऊ-सुलतानपुर रेलवे लाइन के ऊपर बने रेलवे पुल पर हुआ, जब बोलेरो बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। मृतकों की पहचान संतोष उर्फ संटू, रामदुलारी और लगभग तीन साल की बच्ची के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गाड़ी में सवार सभी लोग उन्नाव जिले के रहने वाले थे और बाराबंकी के एक महादेव मंदिर में एक रस्म के लिए जा रहे थे। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) के ट्रॉमा-2 और गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी ले जाए गए लोगों को बाद में आगे के इलाज के लिए लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मोहम्मद मुश्ताक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल और अस्पतालों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों को घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए। पुलिस ने बताया कि अन्य कानूनी कार्यवाही जारी है।
