UP : शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 01:15 AM (IST)

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शुक्रवार को शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अचानक आग लगने और धुआं उठने से यात्रियों में भारी दहशत फैल गई। कोच से धुआं निकलता देख यात्रियों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए चेन पुलिंग की और ट्रेन को रुकवा दिया। ट्रेन रुकते ही कोच में सवार यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया। देखते ही देखते पूरे कोच में घना धुआं फैल गया, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

अग्निशमन उपकरण नहीं खुलने से बढ़ी परेशानी 
यात्रियों ने दावा किया कि कोच में लगे अग्निशमन उपकरण (फायर एक्सटिंग्विशर) जरूरत पड़ने पर खुल ही नहीं पाए, जिसके चलते आग पर तुरंत काबू पाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान ट्रेन काफी देर तक रेलवे फाटक पर खड़ी रही।

चार्जिंग पॉइंट से चिंगारी निकलने की आशंका 
हादसे के कारणों को लेकर प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट से निकली चिंगारी के कारण आग भड़की होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक और सटीक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर 
सीओ राजेश सोलंकी ने बताया कि ट्रेन के कोच में आग लगने की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने तक दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया था। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद ट्रेन के यात्रियों में अपनी आगे की यात्रा को लेकर चिंता बनी रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News