प्रियंका गांधी की मतदाताओं से अपील, हिमाचल के लोग सूझबूझ से मतदान करें और भविष्य बनाने में योगदान दें
punjabkesari.in Saturday, Nov 12, 2022 - 09:15 AM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने हिमाचल प्रदेश के लोगों से सूझबूझ से मतदान की अपील करते हुए शनिवार को कहा कि वे राज्य के भविष्य को बनाने में योगदान दें। राज्य में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की कमान संभालने वाली प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, प्रिय हिमाचल वासियों, आप सब अपने व अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं।
अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं व हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। जय हिंद। जय हिमाचल।" हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। मतगणना आठ दिसंबर को होगी।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को राज्य के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हर वोट समृद्ध हिमाचल का निर्माण करेगा। ठाकुर ने ट्वीट किया, प्रिय प्रदेशवासियों आज मतदान का दिन है। हिमाचल के सभी मतदाताओं से मेरा विनम्र आग्रह है कि पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें। भारी संख्या में मतदान करें, आपका एक मत समृद्ध हिमाचल का निर्माण करेगा। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो चुका है और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।