Delhi-NCR में कोल्ड टॉर्चर: 3 साल की सबसे सर्द सुबह के बाद अब जहरीली हवा का हमला, AQI पहुंचा 615

punjabkesari.in Wednesday, Jan 14, 2026 - 09:02 AM (IST)

Delhi NCR Cold Wave : राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में कुदरत का दोहरा प्रहार जारी है। एक तरफ हाड़ कंपाने वाली ठंड और शीतलहर (Cold Wave) ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है तो दूसरी तरफ दिल्ली की हवा जहरीली होकर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। मौसम विभाग ने घने कोहरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं आज राजधानी का AQI (Air Quality Index) 615 दर्ज किया गया।

पारे में भारी गिरावट: 4 डिग्री तक लुढ़का न्यूनतम तापमान

बुधवार को दिल्ली में कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज पारा 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मंगलवार को यह 3 डिग्री तक गिर गया था जो पिछले 3 वर्षों में जनवरी की सबसे ठंडी सुबह थी। नोएडा में स्थिति और भी खराब है जहां तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। दोपहर में 5 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली सर्द हवाएं ठिठुरन को और बढ़ाएंगी।

ऑरेंज अलर्ट और कोहरे की चादर

दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम रहने की आशंका है। सड़क और रेल यातायात पर इसका सीधा असर पड़ेगा। कई ट्रेनें और उड़ानें देरी से चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को गाड़ी चलाते समय बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

दमघोंटू हुई हवा: AQI पहुंचा गंभीर श्रेणी में

ठंड के साथ-साथ प्रदूषण ने भी दिल्ली को अपनी चपेट में ले लिया है। आज राजधानी का AQI (Air Quality Index) 615 दर्ज किया गया। 600 के पार AQI का मतलब है कि हवा बेहद खतरनाक है। यह फेफड़ों और हृदय रोगियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। डॉक्टरों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुबह की सैर (Morning Walk) से बचने और घर के अंदर रहने की सलाह दी है।

कब मिलेगी राहत? पश्चिमी विक्षोभ का पूर्वानुमान

मौसम की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर भी सामने आई है।

  1. 15 से 20 जनवरी: तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री तक जा सकता है।

  2. पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance): 15 जनवरी से हिमालयी क्षेत्र में नया विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से 19 जनवरी तक बादल छाए रह सकते हैं।

  3. बारिश और ओले: 20 से 23 जनवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है जिससे प्रदूषण से कुछ राहत मिल सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News