दिल्ली-NCR में ट्रांसपोर्ट का मेगा प्लान, 8 नमो भारत कॉरिडोर से जुड़ेगा पूरा इलाका

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 11:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन को नई पहचान देने की तैयारी तेज हो गई है। बुलेट ट्रेन परियोजना के साथ-साथ नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) पूरे क्षेत्र को हाई-स्पीड नमो भारत (RRTS) नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत कुल आठ नमो भारत कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनका केंद्रीय हब सराय काले खां होगा।

फिलहाल पहले चरण में तीन प्रमुख कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है, जबकि भविष्य में पांच और रूट विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के बीच सफर पहले से कहीं ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर से मिलेगी ऋषिकेश तक कनेक्टिविटी

देश का पहला नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ मार्ग पर विकसित किया जा रहा है। करीब 82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद और मेरठ जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

इन स्टेशनों को मेट्रो और बस टर्मिनलों से जोड़ा जा रहा है ताकि यात्रियों को निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके। भविष्य में इस कॉरिडोर को मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने की योजना भी है। हालांकि, इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है।

दिल्ली से गुरुग्राम और अलवर तक हाई-स्पीड सफर

करीब 164 किलोमीटर लंबा दिल्ली-गुरुग्राम-अलवर कॉरिडोर तीन चरणों में तैयार किया जाएगा। यह रूट दिल्ली को हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों और राजस्थान के नीमराना एवं अलवर से जोड़ेगा। इस कॉरिडोर में सराय काले खां, INA, मुनिरका, एयरोसिटी, उद्योग विहार, गुरुग्राम, मानेसर, धारूहेड़ा, बावल और नीमराना जैसे प्रमुख स्टेशन होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरोसिटी में भूमिगत नमो भारत स्टेशन भी बनाया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

पानीपत तक आसान होगा सफर

103 किलोमीटर लंबे दिल्ली-पानीपत कॉरिडोर के जरिए दिल्ली, सोनीपत और पानीपत के बीच तेज रफ्तार संपर्क स्थापित होगा। इस मार्ग पर सराय काले खां, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, बुराड़ी, मुकरबा चौक, नरेला, कुंडली, गन्नौर और समालखा जैसे प्रमुख स्टेशन होंगे। कश्मीरी गेट और इंद्रप्रस्थ को मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां मेट्रो, बस और नमो भारत सेवाओं का बेहतर समन्वय होगा।

गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक सीधा लिंक

योजना के तहत गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक लगभग 72 किलोमीटर लंबा नया नमो भारत कॉरिडोर भी बनाया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ से आने वाले यात्रियों के लिए जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।

भविष्य में इन पांच नए कॉरिडोर पर भी काम

एनसीआरटीसी ने भविष्य के लिए पांच और नमो भारत कॉरिडोर प्रस्तावित किए हैं-

दिल्ली–फरीदाबाद–बल्लभगढ़–पलवल
दिल्ली–शाहदरा–बड़ौत
गाजियाबाद–खुर्जा
दिल्ली–बहादुरगढ़–रोहतक
गाजियाबाद–हापुड़


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News