लद्दाख बुद्ध विहार को सौगात: CM रेखा गुप्ता ने किया फुट ओवर ब्रिज का शिलान्यास
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 06:56 PM (IST)
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कश्मीरी गेट, आउटर रिंग रोड के पास लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट आने-जाने वाले नागरिकों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा।
इस अवसर पर चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल, दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस फुट ओवर ब्रिज का डिजाइन स्थानीय लद्दाखी वास्तुकला को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है ताकि यह संरचना न केवल आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा को भी दर्शा सके। उन्होंने कहा कि पुल में लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देश का आईना है, जहां विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों से आए लोग मिल-जुलकर रहते हैं। लद्दाख से आए परिवार वर्षों से दिल्ली में शांति और सौहार्द के साथ जीवन यापन कर रहे हैं और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के माध्यम से समाज में शांति और सद्भाव का संदेश दे रहे हैं। दिल्ली सरकार सभी समुदायों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उनके विकास और सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि लद्दाख बुद्ध विहार कॉलोनी की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी सरकार गंभीरता से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के विकास, आसपास के अतिक्रमण की समस्या और क्षेत्रीय सुविधाओं के विस्तार के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में बनने वाला यह फुट ओवर ब्रिज यहां रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और बाजार आने-जाने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राजधानी के हर क्षेत्र में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे नागरिकों का दैनिक जीवन अधिक सुरक्षित और सुगम बन सके।
