Weather Update: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज: अगले 2 दिन में बढ़ेगा तापमान; लेकिन जहरीली हवा ने फिर बढ़ाई मुसीबत

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 01:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर में अब ठंड धीरे-धीरे कम होती दिख रही है। दिन के समय तेज धूप निकलने से हल्की गर्मी महसूस होने लगी है, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड अभी भी बनी हुई है। पहले जैसी कड़ाके की ठंड अब महसूस नहीं हो रही। 10 फरवरी के बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिली।

आने वाले दो दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शुक्रवार और शनिवार को राजधानी में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार को आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं और सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शनिवार को आसमान साफ रहेगा और सुबह धुंध बने रहने के बावजूद अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।


दिल्ली में प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ा
सर्दी कम होने के साथ ही राजधानी में प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। गुरुवार को कई इलाकों में स्मॉग की हल्की परत देखी गई, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हुई। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के पास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 209 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। अक्षरधाम मंदिर के आसपास भी AQI 210 से 217 के बीच रहा। बुधवार को स्थिति और गंभीर रही, जब शाम चार बजे दिल्ली का औसत AQI 305 था, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।


विशेषज्ञों की चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में बदलाव और हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जम जाते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में सर्दी भले ही कम हो रही हो, लेकिन बढ़ता प्रदूषण लोगों के लिए नई परेशानी बनता जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News