Toll Hike Update: सावधान! दिल्ली-NCR के हाईवे पर चलना हुआ महंगा, अब चुकाना होगा ज्यादा टोल टैक्स

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 10:59 AM (IST)

नेशनल डेस्क: गुरुग्राम और Delhi NCR में सफर करने वाले लोगों के लिए आज से यात्रा थोड़ी महंगी हो गई है। National Highways Authority of India (एनएचएआई) ने कई प्रमुख हाईवे और एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें मंगलवार रात के बाद से लागू हो चुकी हैं, जिससे रोजाना इन मार्गों पर चलने वाले हजारों वाहन चालकों पर सीधा असर पड़ेगा।

प्रमुख मार्गों पर बढ़े टोल
द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर अब कार चालकों को एक तरफ के सफर के लिए 225 रुपये देने होंगे, जो पहले से 5 रुपये ज्यादा है। 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर 340 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खेड़की दौला टोल प्लाजा पर कार और जीप का किराया 95 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। बसों और ट्रकों जैसे बड़े वाहनों के लिए भी 5 से 15 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।


सोहना और आगरा रूट भी हुए महंगे
गुरुग्राम-सोहना हाईवे के घामडौज टोल प्लाजा पर कार और जीप का शुल्क 125 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये कर दिया गया है। हल्के व्यावसायिक वाहनों के लिए यह शुल्क अब 210 रुपये हो गया है, जबकि भारी वाहनों के लिए 675 रुपये से बढ़ाकर 690 रुपये कर दिया गया है। Faridabad के रास्ते Mathura और Agra जाने वाले यात्रियों को भी अब ज्यादा टोल देना होगा। दिल्ली-आगरा हाईवे पर गदपुरी और करमन टोल प्लाजा पर करीब 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे धार्मिक और पर्यटन यात्राएं महंगी हो सकती हैं।


मासिक पास भी हुआ महंगा
स्थानीय लोगों के लिए बनाए जाने वाले मासिक पास की कीमतों में भी हल्की बढ़ोतरी की गई है। गदपुरी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को अब मासिक पास के लिए 350 रुपये के बजाय 360 रुपये देने होंगे। यह बदलाव खासतौर पर उन लोगों को प्रभावित करेगा जो रोजाना टोल पार करके काम पर जाते हैं।


एनएचएआई ने बताई वजह
एनएचएआई के अनुसार, टोल दरों में यह बढ़ोतरी हर साल होने वाली समीक्षा के तहत की गई है। इसका उद्देश्य सड़कों के रखरखाव और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News