23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे मनाने की घोषणा, शाह बोले- भावी पीढ़ियों को भारत की सफलता की दिलाएगा याद
punjabkesari.in Saturday, Aug 26, 2023 - 06:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के तौर पर मनाने के लिए की गई घोषणा आने वाली पीढ़ियों को चंद्र मिशन में भारत की सफलता की याद दिलाएगी और वैज्ञानिकों को नयी ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। शाह ने कहा कि एक सच्चा नेता हर परिस्थिति में अपने लोगों के साथ खड़ा रहता है, और यह तब परिलक्षित हुआ जब प्रधानमंत्री चंद्रयान-3 मिशन में शामिल इसरो के वैज्ञानिकों से मिलने के लिए आज सुबह यूनान से सीधे बेंगलुरु पहुंचे।
अमित शाह ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री का बेंगलुरु में वैज्ञानिकों को दिया गया प्रेरक संबोधन भारत की शानदार उपलब्धि का सम्मान है। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त भारत के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि यह उसके चंद्रयान-3 अभियान की उपलब्धि का प्रतीक है। शाह ने कहा, ‘‘आज, प्रधानमंत्री मोदी ने इसे 'राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस' के तौर पर मनाने की घोषणा की, ताकि इस मिशन के पीछे रहे भारत के वैज्ञानिकों की सफलता की कहानी हर आने वाली पीढ़ी तक पहुंच सके।''
चंद्रयान-3 से वैज्ञानिकों ने अमिट छाप छोड़ी
उन्होंने कहा, ‘‘यह निर्णय भारतीय वैज्ञानिकों को 'तिरंगे' के गौरव को बरकरार रखते हुए अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।'' शाह ने कहा कि भारत के चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता से देश के वैज्ञानिकों ने एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का उत्सव मनाने के लिए प्रधानमंत्री ने चंद्रयान-3 के ‘लैंडिंग' स्थल का नाम 'शिवशक्ति' रखा और जिस स्थान पर चंद्रयान-2 गिरा था, उसे 'तिरंगा' नाम दिया, ताकि सभी को यह याद दिलाया जा सके कि ‘‘कोई भी विफलता स्थायी नहीं होती।''