ख़ून से लथपथ होने के बाद भी नहीं छोड़ी हिम्मत, 174 यात्रियों के लिए ''मसीहा'' बने भारतीय पायलट स्मित मच्छार, पीएम मोदी-ट्रम्प ने बताया हीरो

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 08:25 AM (IST)

मुंबई: हवा में उड़ते एक विमान के कॉकपिट में अचानक ख़ौफ़नाक मंज़र छा गया। को-पायलट ने अपने ही कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया और प्लेन को नीचे गिराने की कोशिश की। लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने हार नहीं मानी। उनकी अदम्य हिम्मत और सूझबूझ के चलते 174 यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। इस अदम्य साहस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित की जमकर तारीफ़ की है।

क्या है पूरा मामला?
यह घटना फ़्लाईदुबई (FlyDubai) की फ़्लाइट FZ1073 की है, जो संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से इज़राइल जा रही थी। हवा में उड़ान के दौरान अचानक को-पायलट ने मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के साथ ही आरोपी को-पायलट ने प्लेन को क्रैश करने की नीयत से महज़ 30 सेकंड के भीतर विमान को लगभग 14,000 फ़ीट (करीब 4,267 मीटर) नीचे गिरा दिया।

कॉकपिट में अफ़रा-तफ़री और ख़ून फैलने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं खोई। उन्होंने लहूलुहान हालत में ही कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने वाला रिलीज़ बटन दबा दिया। दरवाज़ा खुलते ही विमान में सवार यात्री और क्रू मेंबर्स तुरंत अंदर पहुंचे और हमलावर को-पायलट को दबोच लिया। इसके बाद विमान में मौजूद फ़्लाईदुबई के अन्य पायलटों ने कमान संभाली और प्लेन को सऊदी अरब के तबुक (Tabuk) शहर में सुरक्षित लैंड करा दिया।

वैश्विक नेताओं ने बताया 'असली हीरो'
पीएम नरेंद्र मोदी: सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'X' पर पीएम मोदी ने लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। बेहद गंभीर ख़तरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए ज़बरदस्त हिम्मत दिखाई। उनकी बहादुरी ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई है। पूरे भारत को उन पर गर्व है।"

डोनाल्ड ट्रंप: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल ऑफ़िस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि इतनी गंभीर हालत में भी समझदारी दिखाना और दूसरों की जान बचाना कैप्टन स्मित को एक सच्चा हीरो बनाता है।

बेंजामिन नेतन्याहू: इज़राइली प्रधानमंत्री ने इसे सुरक्षा से जुड़ी एक बेहद गंभीर घटना बताया और कैप्टन स्मित की सूझबूझ की सराहना की, जिसकी वजह से उनके देश के नागरिक सुरक्षित घर लौट सके।

अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
मुंबई के रहने वाले कैप्टन स्मित मच्छार का इलाज फिलहाल सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी सर्जरी हुई है। सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि उनकी हालत अब स्थिर है और भारतीय अधिकारी उनके परिवार व स्थानीय डॉक्टरों के लगातार संपर्क में हैं।

जांच शुरू, उड़ानें रोकी गईं
कैप्टन स्मित फ़्लाईदुबई से जुड़ने से पहले भारत की 'स्पाइसजेट' एयरलाइन में 11 साल से अधिक समय तक सेवा दे चुके हैं। को-पायलट ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी साफ़ नहीं हो पाया है। फ़्लाईदुबई ने अफ़वाहों से बचने की अपील करते हुए फिलहाल जांच पूरी होने तक इज़राइल जाने और आने वाली अपनी सभी उड़ानों पर रोक लगा दी है। सऊदी अरब के अधिकारी हिरासत में लिए गए को-पायलट से पूछताछ कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News