मलेशिया जाने वाले भारतीयों के लिए हाई कमीशन की बड़ी चेतावनी; टूरिस्ट बनकर गए तो पहुंच सकते हैं जेल, जानें क्या चल रहा खेल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 02:42 PM (IST)

Kuala Lumpur: मलेशिया घूमने जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय उच्चायोग ने महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। उच्चायोग के मुताबिक, कुछ भारतीय नागरिक 30 दिन की वीजा-मुक्त सुविधा का इस्तेमाल पर्यटन के बजाय नौकरी तलाशने के लिए कर रहे हैं। वहीं, कथित फर्जी एजेंट उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा देकर मलेशिया भेज रहे हैं, जिसके बाद कई लोग आव्रजन नियमों के उल्लंघन में फंस रहे हैं।  कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी सलाह में कहा कि मलेशिया में 30 दिन की वीजा-मुक्त सुविधा का इस्तेमाल नौकरी करने के लिए नहीं किया जा सकता।

 

उच्चायोग के अनुसार, ऐसे भारतीय नागरिकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है जो रोजगार तलाशने के उद्देश्य से इस सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उच्चायोग ने यात्रियों को ऐसे अनुचित एजेंटों से सावधान रहने को कहा है जो विदेश में नौकरी दिलाने का झूठा वादा करते हैं। मलेशिया पहुंचने के बाद पर्यटक वीजा पर काम करना आव्रजन नियमों का उल्लंघन हो सकता है और संबंधित व्यक्ति को हिरासत या कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। पर्यटन के लिए मलेशिया जाने वाले भारतीय यात्रियों को अपने साथ जरूरी यात्रा दस्तावेज रखने की सलाह दी गई है। इनमें 

  • वापसी का पक्का टिकट
  • होटल बुकिंग का विवरण
  • मलेशिया डिजिटल आगमन कार्ड
  • कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट शामिल हैं।
  • डिजिटल आगमन कार्ड यात्रा से तीन दिन पहले पूरा करना होता है।

 

अगर कोई भारतीय मलेशिया में नौकरी करना चाहता है तो उसे नौकरी शुरू करने से पहले उचित रोजगार और कार्य अनुमति हासिल करनी होगी। इसके लिए सबसे पहले ऐसे वास्तविक नियोक्ता की जरूरत होती है जो विदेशी नागरिकों को नियुक्त करने के लिए अधिकृत हो। कार्य अनुमति का प्रकार नौकरी, क्षेत्र, योग्यता, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तों पर निर्भर करता है। पेशेवर और कुशल कर्मचारियों के लिए सामान्यतः एम्प्लॉयमेंट पास का इस्तेमाल किया जाता है। कुछ स्वीकृत क्षेत्रों में अर्ध-कुशल कर्मचारियों के लिए टेम्परेरी एम्प्लॉयमेंट पास लागू होता है, जबकि अल्पकालिक परामर्श, प्रशिक्षण या विशेषज्ञ सेवाओं के लिए प्रोफेशनल विजिट पास इस्तेमाल किया जा सकता है।

 

आवेदन के दौरान वैध पासपोर्ट समेत नौकरी और व्यक्ति से जुड़े विभिन्न दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है। पात्रता में नौकरी का प्रकार, क्षेत्र, शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, आयु और आव्रजन इतिहास जैसे कारक भी महत्वपूर्ण हो सकते हैं। भारतीय यात्रियों के लिए सबसे अहम बात यह है कि पर्यटक के रूप में मलेशिया जाना और वहां नौकरी करना दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। केवल वीजा-मुक्त प्रवेश मिलने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति वहां रोजगार कर सकता है। नौकरी के नाम पर किसी एजेंट को पैसे देने से पहले नियोक्ता, नौकरी की वास्तविकता और कार्य अनुमति की प्रक्रिया की आधिकारिक पुष्टि करना जरूरी है। गलत दस्तावेज या पर्यटक प्रवेश के आधार पर काम करने की कोशिश मलेशिया में कानूनी मुश्किल खड़ी कर सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News