यूक्रेन में रूसी ड्रोन ने अब यात्री बस को बनाया निशाना, 5 लोगों की मौत व 7 घायल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 07:05 PM (IST)
Kyiv: रूसी ड्रोन ने बुधवार तड़के दक्षिणी यूक्रेन में एक यात्री बस को निशाना बनाया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और कम से कम सात अन्य घायल हो गए। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सार्वजनिक परिवहन को निशाना बनाकर किए गए रूसी हमलों को ''जघन्य कृत्य'' करार दिया है। यह हमला यूक्रेन के निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के निकोपोल जिले में हुआ। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र हांझा ने बताया कि पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सात घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में ड्रोन हमले की चपेट में आए वाहन को मिनीबस बताया।
उन्होंने कहा कि यह घटना रूस द्वारा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को लगातार निशाना बनाए जाने से जुड़ी है और यह सिलसिला जारी है। जेलेंस्की ने बताया कि बुधवार को मायकोलाइव क्षेत्र में एक यात्री ट्रेन को भी निशाना बनाया गया, जिससे एक रेलवे स्टेशन और डीजल इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि हमले से पहले ट्रेन में सवार करीब 170 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन के रेल नेटवर्क पर रूसी हमलों में 500 से अधिक इंजन क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें से आधे से अधिक हमले इस साल हुए हैं। सिबिहा ने बुधवार को 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में कहा कि रूसी बल यात्री ट्रेनों, इंजन, रेलवे स्टेशनों और रेल मार्गों को निशाना बना रहे हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि ये नागरिकों, लोगों को सुरक्षित निकालने और यूक्रेन की अर्थव्यवस्था के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। विदेश मंत्री ने कहा, ''यह लोगों को व्यवस्थित रूप से निशाना बनाने और नागरिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करने की कोशिश है।''
