ऑस्ट्रेलिया में भारतीय की चमकी किस्मत; नौकरी न मिली तो पिज्जा डिलीवरी करते बना 3 रेस्तरां का मालिक, घर और BMW भी...

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 03:01 PM (IST)

Sydney: ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने गए एक भारतीय की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब उसे अपनी पढ़ाई के मुताबिक नौकरी नहीं मिली, तो उसने पिज्जा की दुकान पर काम करना शुरू कर दिया और ग्राहकों तक पिज्जा पहुंचाने का काम भी किया। करीब 11 साल बाद वही व्यक्ति ऑस्ट्रेलिया का नागरिक बन चुका है और तीन पिज्जा रेस्तरां चला रहा है।इस कहानी को उसके रिश्तेदार और उद्यमी विनीथ के ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया। उनके मुताबिक, वह व्यक्ति करीब 11 साल पहले पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे अपने क्षेत्र में नौकरी नहीं मिली। इसके बाद उसने एक पिज्जा दुकान में पूर्णकालिक काम शुरू कर दिया। उसके काम में ग्राहकों के घर तक पिज्जा पहुंचाना भी शामिल था।

 

विनीथ के मुताबिक, करीब तीन साल तक काम करने के बाद उसने साझेदारी और अपनी बचत की मदद से एक पिज्जा फ्रेंचाइजी में निवेश किया।पहली फ्रेंचाइजी मिलने के बाद उसका कारोबार धीरे-धीरे बढ़ता गया। उसने आगे चलकर दो और फ्रेंचाइजी खरीद लीं। इस तरह वह एक दुकान में कर्मचारी के रूप में काम करने से तीन पिज्जा रेस्तरां का मालिक बन गया।इस दौरान उसने ऑस्ट्रेलिया में अपना घर भी खरीदा और एक BMW कार भी ली। विनीथ के अनुसार, उसने हैदराबाद में भी अपना घर बनाया है और अपने माता-पिता को ऑस्ट्रेलिया बुलाया।कोविड-19 महामारी के दौरान वह भारत वापस आया और शादी की। बाद में वह अपनी पत्नी को लेकर ऑस्ट्रेलिया चला गया। इसी बीच उसका कारोबार भी आगे बढ़ता रहा।
 

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे मेहनत और अवसर से जोड़कर देखा। कई लोगों ने कहा कि सफलता के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि लगातार मेहनत और काम करने की इच्छा भी महत्वपूर्ण होती है। कुछ लोगों ने यह भी टिप्पणी की कि अलग-अलग देशों में काम और कारोबार शुरू करने के अवसरों का स्वरूप अलग हो सकता है।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News