नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर पर बुलडोजर एक्शन, सामने आया वीडियो
punjabkesari.in Monday, Mar 24, 2025 - 03:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क: नागपुर हिंसा (Nagpur Violence) के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया है। महाराष्ट्र के नागपुर नगर निगम ने यह कार्रवाई अवैध निर्माण को हटाने के लिए की। प्रशासन का कहना है कि फहीम खान के मकान का कुछ हिस्सा बिना अनुमति के बनाया गया था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। नागपुर में कुछ दिनों पहले हिंसा भड़क गई थी, जब महाराष्ट्र के संभाजीनगर में हिंदूवादी संगठनों ने औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इसी दौरान, मुस्लिम समुदाय के पवित्र ग्रंथ (कुरान) को जलाए जाने की अफवाह फैल गई, जिससे नाराजगी बढ़ गई और बड़े पैमाने पर हिंसा हुई।
#WATCH | Maharashtra: House of Nagpur violence accused Faheem Khan being demolished in Nagpur. Police personnel are present at the spot. pic.twitter.com/RKzAFCokED
— ANI (@ANI) March 24, 2025
पुलिस के मुताबिक, बजरंग दल के इस प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे, जिससे हालात बिगड़ गए। इसके बाद, नागपुर के कई इलाकों में पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं। हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन उच्च अधिकारी भी शामिल थे।
फहीम खान पर क्या आरोप हैं?
-
नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड के रूप में फहीम खान का नाम सामने आया।
-
पुलिस ने उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया है।
-
वह फिलहाल जेल में बंद हैं और जांच जारी है।
-
फहीम खान अल्पसंख्यक डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) से जुड़े रहे हैं।
बुलडोजर की कार्रवाई क्यों हुई?
-
नागपुर नगर निगम ने फहीम खान के घर के अवैध हिस्से को गिराने का फैसला लिया।
-
मकान नागपुर के यशोधरा नगर क्षेत्र की संजय बाग कॉलोनी में स्थित था।
-
यह मकान उनकी पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड था।
-
नगर निगम ने पहले ही नोटिस जारी कर दिया था, जिसमें निर्माण की अनियमितताओं और बिना मंजूरी बने हिस्सों का उल्लेख किया गया था।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस कार्रवाई पर बयान देते हुए कहा, "अगर कोई इस तरह की हिंसा करता है, तो उसके घर पर नहीं, बल्कि उसके ऊपर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।" उनके इस बयान ने इस मुद्दे को और अधिक चर्चा में ला दिया है।