BLO की सैलरी कितनी होती है? जानें, वोटर लिस्ट सुधारने के अलावा और क्या काम करते हैं
punjabkesari.in Saturday, Nov 22, 2025 - 05:03 PM (IST)
नेशनल डेस्क : देशभर में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के सुधार को लेकर इन दिनों बड़ी चर्चा चल रही है। इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया भारत के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) करा रहा है। इस प्रक्रिया में BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। BLO मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने का काम करते हैं, साथ ही कई अन्य जिम्मेदारियां भी निभाते हैं।
BLO की सैलरी कितनी होती है?
BLO पूर्णकालिक सरकारी नौकरी नहीं होती। ज्यादातर BLO पहले से किसी विभाग जैसे शिक्षा, पंचायत या स्वास्थ्य में कार्यरत कर्मचारी होते हैं जिन्हें चुनाव आयोग अतिरिक्त जिम्मेदारी देता है। हाल ही में चुनाव आयोग ने BLO को मिलने वाला मानदेय बढ़ाया है। अब उन्हें सालाना लगभग 12,000 रुपये का मानदेय मिलता है। इसके अलावा, विशेष पुनरीक्षण (SIR) या वार्षिक संशोधन के दौरान उन्हें अलग से 1,000 से 2,000 रुपये तक प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। यह राशि BLO के घर-घर दौड़-भाग और फील्ड वर्क के लिए होती है।
BLO के मुख्य काम क्या हैं?
BLO का काम केवल मतदाता सूची में नाम जोड़ना या हटाना नहीं है। उनकी जिम्मेदारियां व्यापक और महत्वपूर्ण हैं।
घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करना: BLO अपने क्षेत्र में जाकर नए मतदाताओं, स्थानांतरण और नाम हटाने योग्य मतदाताओं की जानकारी जुटाते हैं।
फॉर्म भरवाना और जमा करवाना: फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ना), फॉर्म-7 (नाम हटाना), फॉर्म-8 (सुधार), फॉर्म-8A (स्थानांतरण) आदि फॉर्मों को समझाकर लोगों से भरवाना और जमा करना BLO की जिम्मेदारी है।
डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन: मतदाता द्वारा दिए गए दस्तावेजों की जांच कर उनका पता, उम्र और पहचान की पुष्टि करना।
मतदाता सूची अपडेट करना: BLO मतदाता सूची को लगातार अपडेट करते हैं, डुप्लीकेट नाम हटाते हैं, गलतियां सुधारते हैं और फोटो अपडेट करते हैं।
जागरूकता फैलाना: लोगों को बताते हैं कि अपना नाम कैसे जुड़वाएं, कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं और मतदान क्यों महत्वपूर्ण है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम: BLOApp जैसे मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए डेटा अपलोड करना और मतदाता रिकॉर्ड डिजिटल रूप से अपडेट करना।
