IPL 2026 से पहले पंजाब किंग्स को बड़ा झटका! इस दिग्गज खिलाड़ी ने छोड़ा टीम का साथ
punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 12:09 AM (IST)

नेशनल डेस्क: IPL 2026 से पहले पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी को तगड़ा झटका लगा है। टीम के स्पिन बॉलिंग कोच सुनील जोशी ने फ्रेंचाइजी छोड़ने का फैसला किया है। सुनील जोशी ने पिछले सीजन टीम को 14 साल बाद फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ वह कोचिंग स्टाफ का महत्वपूर्ण हिस्सा थे। लेकिन अब, उन्होंने अगले सीजन से पहले ही टीम का साथ छोड़ दिया है, जो पंजाब के लिए एक बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।
BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़ सकते हैं जोशी
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनील जोशी जल्द ही बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़ सकते हैं। उन्होंने 5 अक्टूबर को प्रीति जिंटा की फ्रेंचाइजी को अपने फैसले की जानकारी दी थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनकी भूमिका क्या होगी। बता दें कि सुनील जोशी इससे पहले भी आईपीएल 2020 से 2022 तक पंजाब किंग्स के साथ रह चुके हैं। जब रिकी पोंटिंग 2025 में हेड कोच बने, तो फ्रेंचाइजी ने जोशी को दोबारा टीम से जोड़ा था।
भारत के पूर्व ऑलराउंडर रहे हैं सुनील जोशी
सुनील जोशी ने 1996 से 2001 के बीच भारत के लिए 15 टेस्ट और 69 वनडे मैच खेले थे, जिनमें उन्होंने कुल 110 विकेट झटके। टेस्ट में उनके नाम 41 और वनडे में 69 विकेट दर्ज हैं। वह उत्तर प्रदेश की रणजी टीम के हेड कोच रह चुके हैं और भारतीय चयन समिति के प्रमुख (चीफ सेलेक्टर) पद पर भी काम कर चुके हैं।
फ्रेंचाइजी ने जताया सम्मान
पंजाब किंग्स मैनेजमेंट से जुड़े एक सदस्य ने कहा- “वो एक बेहतरीन इंसान और शानदार कोच हैं। फ्रेंचाइजी के साथ उनका सफर शानदार रहा। लेकिन हम उनके करियर के रास्ते में अड़चन नहीं बनना चाहते।”