गैस की दिक्कत से परेशान थी पत्नी, डॉक्टर पति आ गया तंग, फिर शादी के सिर्फ 11 महीने बाद ही...
punjabkesari.in Friday, Oct 17, 2025 - 11:42 AM (IST)

नेशनल डेस्क। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक डॉक्टर दंपत्ति से जुड़ा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर कृतिका एम. रेड्डी की रहस्यमय मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में खुलासा हुआ कि कृतिका की मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को कृतिका के पति पेशे से सर्जन डॉ. महेंद्र रेड्डी जी.एस. को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
28 वर्षीय कृतिका एम. रेड्डी और डॉ. महेंद्र रेड्डी जी.एस. की शादी पिछले साल मार्च में हुई थी। इसी साल अप्रैल में अचानक कृतिका की मौत हो गई थी। उस समय डॉ. महेंद्र ने दावा किया था कि कृतिका गैस की बीमारी से जूझ रही थी और वह स्वयं उसका इलाज कर रहे थे। इस कारण शुरुआत में सभी ने उनकी मौत को प्राकृतिक माना लेकिन मृतक महिला डॉक्टर के पिता के कहने पर जब मामले की दोबारा जांच शुरू हुई और शव का फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और पोस्टमार्टम परीक्षण किया गया, तो सच्चाई सामने आ गई।
प्रोपोफोल से दिया मौत को अंजाम
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे केस को पलट दिया। रिपोर्ट में कृतिका के शरीर में प्रोपोफोल (Propofol) नामक एक शक्तिशाली एनेस्थेटिक दवा की उच्च मात्रा पाई गई। पुलिस जांच में यह स्थापित हुआ कि डॉ. महेंद्र ने छह महीने पहले अपनी पत्नी को इस हाई-डोज एनेस्थीसिया का इंजेक्शन देकर मौत के घाट उतारा था और पूरी साजिश को प्राकृतिक मौत दिखाने के लिए रचा था।
यह भी पढ़ें: 6G Internet: इंटरनेट की दुनिया में मचा तहलका! 6G ने दिखाया ऐसा कमाल कि सब हो रहे हैरान! इस शहर में...
हत्या के पीछे का कारण: पत्नी की बीमारी से नाराज़गी
पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के पीछे का कारण बेहद चौंकाने वाला है। एसीपी रमेश बनोथ ने बताया कि पति महेंद्र का दावा है कि कृतिका लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो चुका था।
सूत्रों के मुताबिक शादी के कुछ ही समय बाद महेंद्र को पता चला कि कृतिका कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही है। वह इस बात से गुस्से में था कि कृतिका के परिवार वालों ने ये सभी बातें उससे छिपाकर रखीं। इसी गुस्से और निराशा के कारण डॉ. महेंद्र रेड्डी ने कृतिका की जान लेने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: Travel Lovers: ये देश बना भारतीयों की पहली पसंद, मिल रही 14 दिन की वीज़ा-फ्री एंट्री, रहना-खाना सब सस्ता
पति का आपराधिक इतिहास
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार सर्जन डॉ. महेंद्र रेड्डी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी और धमकी देने जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने अब इस केस में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।