WhatsApp Web Down: अचानक WhatsApp Web हुआ डाउन! यूजर्स को लॉग-इन करने में आ रही दिक्कत

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 12:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह कुछ यूजर्स को WhatsApp के वेब वर्जन को इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। 27 फरवरी को सुबह करीब 9 बजे के आसपास यूजर्स ने शिकायत की कि वे व्हॉट्सऐप वेब पर लॉग-इन नहीं कर पा रहे हैं या फिर उन्हें स्टेटस देखने में दिक्कत हो रही है। हालांकि, थोड़ी देर बाद सेवाएं सामान्य हो गईं और अब प्लेटफॉर्म सही तरीके से काम कर रहा है।

मोबाइल ऐप सामान्य, वेब वर्जन तक सीमित रही समस्या
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दिक्कत मुख्य रूप से व्हॉट्सऐप के वेब प्लेटफॉर्म तक सीमित थी। मोबाइल ऐप पर किसी तरह की बड़ी रुकावट सामने नहीं आई और ज्यादातर यूजर्स अपने फोन पर मैसेज भेज और प्राप्त कर पा रहे थे। इससे साफ है कि समस्या आंशिक थी और सभी यूजर्स प्रभावित नहीं हुए।


Downdetector पर दर्ज हुईं शिकायतें
ऑनलाइन सर्विस की स्थिति पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector पर भी सुबह 8 बजे के बाद कुछ रिपोर्ट दर्ज की गईं। रिपोर्ट करने वाले करीब 64 प्रतिशत यूजर्स ने व्हॉट्सऐप वेब में दिक्कत की जानकारी दी। हालांकि शिकायतों की कुल संख्या ज्यादा नहीं थी, जिससे संकेत मिलता है कि यह कोई बड़ा या व्यापक आउटेज नहीं था।


सोशल मीडिया पर यूजर्स ने साझा की परेशानी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Reddit पर भी कुछ यूजर्स ने अपनी समस्या साझा की। कई लोगों ने बताया कि वे वेब वर्जन में लॉग-इन नहीं कर पा रहे थे। कुछ यूजर्स के अनुसार मोबाइल और वेब के बीच मैसेज सिंक नहीं हो रहे थे, जबकि कुछ को स्टेटस देखने में दिक्कत आ रही थी।


Meta की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
फिलहाल Meta या व्हॉट्सऐप की ओर से इस अस्थायी रुकावट पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि यह एक तकनीकी गड़बड़ी थी, जो थोड़े समय के लिए रही और बाद में स्वत ठीक हो गई।


पहले भी आ चुके हैं आउटेज के मामले
इससे पहले भी व्हॉट्सऐप की सेवाओं में अलग-अलग देशों में समय-समय पर दिक्कतें आती रही हैं। अमेरिका, यूरोप और दक्षिण एशिया के कई हिस्सों में पिछली बार बड़े आउटेज के दौरान यूजर्स मैसेजिंग सेवा का इस्तेमाल नहीं कर पाए थे। हालांकि इस साल अब तक किसी बड़े वैश्विक आउटेज की खबर सामने नहीं आई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi