रसायन बनाने वाली फैक्ट्री में हुआ बड़ा धमाका, 11 लोग गंभीर घायल

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 11:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में शुक्रवार को रसायन बनाने वाले एक कारखाने में हुए विस्फोट में कम से कम 11 लोग घायल हो गये, जिनमें ज्यादातर श्रमिक हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई से लगभग 250 किलोमीटर दूर लोटे परशुराम एमआईडीसी (रासायनिक क्षेत्र) में स्थित 'डॉ. खान इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स' (डीकेआईसी) की इकाई के एक रिएक्टर में आग लगने से हुए विस्फोट में घायल लोगों में से चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने कहा, ''यह घटना अपराह्न दो बजे हुई। कर्मचारियों ने रिएक्टर में आग देखी, जिसमें जल्द ही विस्फोट हो गया। चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें नवी मुंबई के बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया है। बाकी लोग लोटे परशुराम के एक अस्पताल में भर्ती हैं।''

उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियां तैनात की गईं और दो घंटे बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया। डीकेआईसी विभिन्न विशिष्ट सिलिका आधारित रसायनों और रासायनिक पदार्थों का एक अग्रणी निर्माता है और इस्पात, कपड़ा, पेंट और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत कई तरह के उद्योगों की जरूरतों को पूरा करता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News