TSRTC के एक और कंडक्टर ने की आत्महत्या, गुस्साए कर्मचारियों ने सड़क पर बनाया खाना

punjabkesari.in Monday, Oct 14, 2019 - 10:33 AM (IST)

नेशनल डेस्क: तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) के कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहने के बीच आत्मदाह करने वाले एक चालक की मौत हो जाने के कुछ ही घंटों बाद टीएसआरटीसी के एक कंडक्टर ने अपने घर में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। इस घटना से गुस्साए कर्मचारियों ने रोड पर खाना बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। 

PunjabKesari

कुलसुम्पुरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सुरेंद्र गौड़ ने अपने घर के पंखे से लटककर रविवार रात आत्महत्या कर ली। उसकी आयु करीब 50 वर्ष थी। परिवार वालों ने उसके कमरे का दरवाजा तोड़ा और उसे निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया जहां रात करीब साढ़े नौ बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या की वजह के बारे में पूछे जाने पर पुलिस ने बताया कि गौड़ टीएसआरटीसी की हड़ताल के कारण सितंबर के वेतन का भुगतान नहीं होने और नौकरी जाने की आशंका के कारण स्पष्ट रूप से अवसाद में था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार को नौवें दिन भी हड़ताल जारी रहने के बीच आत्मदाह करने वाले निगम के 55 वर्षीय एक कर्मी की मौत हो गई थी। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि डी श्रीनिवास रेड्डी की जलने से मौत हो गई। वह राज्यव्यापी हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के एक समूह में शामिल था। 

PunjabKesari

रेड्डी ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की मांगें नहीं मानने को लेकर कथित रूप से सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए शनिवार को खम्मम के पास अपने घर के समीप खुद को आग लगा ली थी। रेड्डी की मौत की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में तेलंगाना सड़क परिवहन निगम के कर्मचारी अस्पताल के पास एकत्र हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया। इसके बाद शहर और अन्य स्थानों पर प्रदर्शन हुए। कर्मचारियों ने उनकी मौत के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए नारेबाजी की। कर्मचारी टीएसआरटीसी का सरकार में विलय करने और विभिन्न पदों पर भर्ती की मांग करते हुए हड़ताल पर हैं।

PunjabKesari

 केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने डी श्रीनिवास रेड्डी की मौत पर शोक प्रकट किया और कहा कि इस घटना से उन्हें बहुत पीड़ा हुई है। तेलंगाना के मंत्रियों, कांग्रेस एवं भाजप समेत विपक्ष के नेताओं ने भी रेड्डी की मौत पर शोक व्यक्त किया। इससे पहले, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शनिवार को कहा था कि हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से बातचीत करने या उन्हें वापस लेने का कोई सवाल नहीं उठता। साथ ही राव ने बस सेवाओं को बहाल करने का भी अधिकारियों को निर्देश दिया और जरूरत पड़ने पर आरटीसी एवं पुलिस विभाग के वाहनचालकों की सेवाएं लेने, नए कर्मचारियों की नियुक्ति करने के लिए भी कहा। टीएसआरटीसी की संयुक्त कार्य समिति (जेएसी) ने 19 अक्टूबर को राज्यव्यापी बंदी का ऐलान किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News