अमित शाह ने दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के LG से की बात, बारिश से बिगड़े हालात का लिया जायजा
punjabkesari.in Sunday, Jul 09, 2023 - 07:07 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजधानी दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल से बात कर मूसलाधार वर्षा के कारण उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली है। शाह ने रविवार को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात कर मूसलाधार वर्षा के कारण बने हालातों की जानकारी ली। सिन्हा के साथ बातचीत में केंद्रीय गृह मंत्री ने मूसलाधार बारिश के कारण पिछले दो दिन से स्थगित श्री अमरनाथ यात्रा की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अमरनाथ यात्रियों के लिए की गई सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी बात की।
उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा दो दिन से स्थगित है। राजधानी दिल्ली में भी शनिवार से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जगह जगह जलभराव और सड़कों पर जाम की समस्या हो रही है। राजधानी के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण पानी भर गया है जिससे कुछ जगहों पर जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
दिल्ली में भारी बारिश के कारण शहर के कई पार्क, अंडरपास, बाजार और यहां तक कि अस्पताल परिसर में जलभराव हो गया और सड़कों पर भारी जाम लग गया। सोशल मीडिया मंचों पर सड़कों पर घुटनों तक भरे पानी के बीच से गुजरते लोगों की तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए हैं, जिसने शहर की जल निकासी प्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली और इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
सड़कों पर पानी भरने और वाहनों के उसमें फंसे होने की तस्वीरें सामने आने के बाद एक बार फिर दिल्ली में जल निकासी की व्यवस्था को लेकर लोगों ने नाराजगी जाहिर की। दिल्ली में जल निकासी के लिए तीन प्रमुख नाला, नजफगढ़, बारापुला और ट्रांस-यमुना हैं। बारिश के दौरान मध्य रिज के पूर्वी हिस्से का पानी सीधे यमुना में जाता है। पश्चिमी में छोटे नालों का पानी नजफगढ़ नाले में जाता है, जो अंततः नदी में मिल जाता है। दिल्ली का पूर्वी क्षेत्र एक निचला इलाका है और मूल रूप से यमुना के बाढ़ क्षेत्र का हिस्सा है। दिल्ली में बारिश के कारण पानी अधिक होने से जल निकासी प्रणाली के काम नहीं करने का खतरा है।